क्रिसमस के एक दिन पहले बजरंग दल के कार्यकर्ता चर्च पर लिखे मंदिर नाम को लेकर सड़कों पर उतर गए। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कल रात दो थानों पर शिकायती आवेदन देकर चर्च पर लिखे मंदिर नाम को हटाने की चेतावनी देते हुए कार्रवाई करने की बात कही, साथ ही यह भी कहा कि जब क्रिश्चियन धर्म के लोगों को हिंदू धर्म में विश्वास ही नहीं है, तो चर्च पर मंदिर लिखने की उनकी मंशा क्या है। वह खुद चर्च पर लिखे मंदिर नाम को हटा लें नहीं तो हम सड़कों पर उतरकर इसका जमकर विरोध करेंगे। हालांकि पुलिस ने भी संगठन से शिकायत लेकर जांच करने की बात कही है।
चर्च को बताया अवैध
बजरंग दल इंदौर विभाग संयोजक प्रवीण दरेकर ने आरोप लगाया कि छावनी स्थित अवैध चर्च मौजूद है। यहां बड़ी संख्या में पहले भी धर्मांतरण के विषय सामने आ चुके हैं। उक्त चर्च धर्मांतरण का बड़ा अड्डा बन चुका है, वह पहले तो सरकारी जमीन पर बना है और पूर्णतः अवैध चर्च है। जब हमें सूचना प्राप्त हुई कि चर्च के मुख्य द्वार पर मंदिर लिखा हुआ है, जानकारी लगते ही बजरंग दल ने लिखित आवेदन देकर संयोगितागंज और पलासिया थाने पर पुलिस प्रशासन को आपत्ति दर्ज कराई।
चर्च के आगे मंदिर नहीं लिखना चाहिए
दरेकर का कहना है कि इंदौर विभाग में कहीं पर भी किसी भी चर्च के आगे मंदिर नहीं लिखा होना चाहिए। मंदिर सनातन का प्रतीक होता है वहां हिंदू देवी-देवताओं की स्थापना होती है, जब क्रिश्चियन लोग हिंदू भगवानों पर विश्वास ही नहीं करते तो फिर मंदिर लिखने का उनका क्या तात्पर्य है। इस पर बजरंग दल को घोर आपत्ति है। दरेकर ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है जहां कहीं पर भी चर्च के आगे मंदिर लिखा पाया गया तो सभी वह तुरंत खुद हटा ले अन्यथा बजरंग दल इसका पूर्ण पुरजोर विरोध करेगा। ज्ञापन देने के दौरान विभाग संयोजक प्रवीण दरेकर, विभाग सह संयोजक अविनाश कौशल, लकी बाहुबली, कुलदीप अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।