इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी के कारण हो रही मौतों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार सुबह अस्पताल में भर्ती एक युवक की मौत हो गई। दूषित पानी पीने के बाद एक माह पहले युवक की तबीयत खराब हुई थी। वह दो बार अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती भी हो चुका था।
ये भी पढ़ें:इंदौर के भागीरथपुरा में टंकी से शुरू हुई सप्लाई, सैंपल रिपोर्ट में साफ पानी
मृतक का नाम हेमंत गायकवाड़ है। वह 22 दिसंबर को उल्टी और दस्त का शिकार होने के कारण परदेशीपुरा के वर्मा नर्सिंग होम में भर्ती हुआ था। तबीयत ठीक होने के बाद उसे अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया, लेकिन बाद में फिर तबीयत बिगड़ी और पंद्रह दिन पहले फिर हेमंत को अरविंदो अस्पताल में भर्ती किया गया था। तब से उसका इलाज वहां चल रहा था। हेमंत रिक्शा चलाता था। उसके परिवार में चार बेटियां हैं। परिवार में वह अकेला कमाने वाला था चारों बेटियां पढ़ाई करती हैं। परिजनों का कहना है कि हेमंत को उल्टी दस्त की शिकायत के कारण भर्ती किया गया था। तब दूसरी बीमारियों का भी पता चला था।