इंदौर के पास महू सैन्य क्षेत्र में एक बड़ा हादसा सामने आया है। महू के सिमरोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आर्मी रेंज में एक जिंदा बम फटने से 15 वर्षीय किशोर की जान चली गई। इस घटना में किशोर के साथ मौजूद एक भेड़ की भी मौके पर ही मौत हो गई।
भेड़ चराने गया था किशोर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महू के बड़गोंदा क्षेत्र का निवासी राहुल अपनी भेड़ों को चराने के लिए गया था। चराते समय उसकी कुछ भेड़ें सैन्य क्षेत्र की सीमा के भीतर चली गईं। राहुल अपनी भेड़ों को वापस लाने के लिए आर्मी रेंज के प्रतिबंधित क्षेत्र में दाखिल हुआ। इसी दौरान वहां पड़ा एक जिंदा बम अचानक फट गया, जिसकी चपेट में आने से राहुल और एक भेड़ की मृत्यु हो गई।
सैन्य अभ्यास के क्षेत्र में हुआ हादसा
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और सैन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही सिमरोल पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। एडिशनल डीसीपी रूपेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सेना के अधिकारियों को भी इस घटना की जानकारी दे दी गई है, क्योंकि यह क्षेत्र सैन्य अभ्यास के लिए उपयोग किया जाता है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद राहुल के परिवार में शोक की लहर है। परिजनों का कहना है कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि भेड़ लाने के दौरान इतना बड़ा हादसा हो जाएगा। क्षेत्र के लोगों ने सैन्य सीमा के पास सुरक्षा और चेतावनी बोर्ड को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।