हर साल एक मार्च से इंदौर में नए दूध के भाव खुलते हैं और उसके हिसाब से बंदी वाले दूध के रेट तय होते हैं। इंदौर दूध विक्रेता संघ ने इस बार दो रुपये प्रति लीटर दूध की कीमत बढ़ाने की घोषणा की है। नए भाव एक मार्च से लागू हो जाएंगे। अभी तक दूध 60 रुपये प्रति लीटर में मिल रहा था। अब 62 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से मिलेगा। दूध के भाव तय करने के लिए इंदौर दूध विक्रेता संघ की बैठक हुई थी। संघ के अध्यक्ष भारत मथुरावाला ने बताया कि पशु पालन के लिए पशु आहार, चापड़ और भूसे की कीमतों में वृद्धि हो चुकी है। वहीं दुधारू पशुओं की कीमतें भी काफी हैं। दूध उत्पादक किसानों को मुनाफा ज्यादा नहीं हो रहा है और आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है। किसानों को लाभ मिलेगा मथुरावाला ने बताया कि किसानों को दूध के दाम में वृद्धि का लाभ मिलेगा। किसानों से विक्रेता 8.60 रुपये प्रति फेट के हिसाब से दूध खरीदेंगे। बता दें, किसानों से विक्रेता 48 से 52 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से दूध खरीदते हैं और परिवहन व वितरण खर्च जोड़कर दूध खेरची ग्राहकों को बेचा जाता है। दूध उत्पादक किसानों का कहना है कि दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का फायदा किसानों को ज्यादा नहीं मिलता। पशु आहार के बाद पशु की देखभाल करने के लिए लोग भी रखे जाते हैं। जितना खर्च किया जाता है, उसकी तुलना में फायदा ज्यादा नहीं होता।