इंदौर रीजन के महेश्वर और उज्जैन में आगामी महीनों में कई फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग होगी। जनवरी से अभिनेता रविकिशन और मार्च में निर्देशक प्रियदर्शन की फिल्मों के शूट की तैयारी है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
इंदौर रीजन, जिसमें ऐतिहासिक नगर महेश्वर और धार्मिक नगरी उज्जैन शामिल हैं, आगामी महीनों में कई बड़ी वेब सीरीज और बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग का केंद्र बनने जा रहा है। इन दिनों इंदौर सहित उज्जैन और महेश्वर की खूबसूरत लोकेशन पर कई फिल्म निर्माण कंपनियों की टीमें लगातार रैकी कर रही हैं। इन तैयारियों को देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि आगामी जनवरी महीने से मशहूर अभिनेता रविकिशन अपनी नई फिल्म की शूटिंग के लिए इस क्षेत्र में आ सकते हैं।
विज्ञापन
तीन बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए प्रदेश भर में चल रही है लोकेशन की तलाश
इंदौर की एक प्रमुख लाइन प्रोडक्शन कंपनी की टीम पूरे मध्य प्रदेश में विभिन्न फिल्म निर्माण कंपनियों को लोकेशन की रैकी करवा रही है। इस कड़ी में हाल ही में 3 बड़े प्रोजेक्ट्स को शामिल किया गया है। जानकारी के मुताबिक भोपाल में वेब सीरीज ब्लैक वारंट के लिए लोकेशन देखी जा रही है, जबकि चंदेरी में अभिनेत्री राधिका आप्टे की मुख्य भूमिका वाली एक फिल्म के लिए रैकी की जा रही है। इसके साथ ही इंदौर रीजन के अंतर्गत आने वाले उज्जैन और महेश्वर में अभिनेता रविकिशन अभिनीत फिल्म की शूटिंग के लिए उपयुक्त स्थानों का चयन किया जा रहा है।
जनवरी से शुरू होगा शूटिंग का दौर, स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार
तय कार्यक्रम के अनुसार भोपाल में 15 दिसंबर से शूटिंग शुरू होने की उम्मीद है। वहीं चंदेरी में 1 जनवरी से फिल्म का काम शुरू होगा, जबकि इंदौर, उज्जैन और महेश्वर में जनवरी महीने के दौरान शूटिंग का सिलसिला शुरू हो जाएगा। लाइन प्रोड्यूसर हर्ष दवे ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इन बड़े प्रोजेक्ट्स के आने से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि शूटिंग के दौरान स्थानीय कलाकारों को अभिनय का मौका मिलने के साथ ही भोजन व्यवस्था, निजी सिक्योरिटी और तकनीकी सहायता जैसे विभिन्न क्षेत्रों में स्थानीय लोगों के लिए रोजगार की व्यापक संभावनाएं तैयार होती हैं।
विज्ञापन
महेश्वर किला और सहस्रधारा की लोकेशन देख चुके हैं निर्देशक प्रियदर्शन
इससे पहले पिछले महीने ही बॉलीवुड के प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक प्रियदर्शन भी अपनी आगामी फिल्म के लिए लोकेशन तलाशने के उद्देश्य से महेश्वर का दौरा कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने ऐतिहासिक महेश्वर किला, नर्मदा घाट परिसर और सहस्रधारा की मनोरम लोकेशन की बारीकी से रैकी की थी। अपनी बेहतरीन कॉमेडी और हॉरर कॉमेडी फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले निर्देशक प्रियदर्शन अपनी अगली फिल्म के एक खास गीत की शूटिंग के लिए उपयुक्त स्थान की तलाश में यहां पहुंचे थे। यह पूरी रैकी ड्रीम वर्ल्ड मूवीज एंड प्रोडक्शन के लाइन प्रोड्यूसर हर्ष दवे और उनकी टीम के सदस्य शुभम व्यास, नरेंद्र राठौड़ तथा लकी टांक द्वारा करवाई गई थी। संभावना जताई जा रही है कि निर्देशक प्रियदर्शन आगामी मार्च महीने में अपनी टीम के साथ यहां शूटिंग के लिए आ सकते हैं।