नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय हमेशा सुर्खियों में बने रहना जानते है। पिछले माह पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को उन्होंने अपने घर भोज पर बुलाया तो राजनीतिक हलकों में चर्चा चल पड़ी और कई तरह के कयास लगाए जाने लगे।
अब उन्होंने शहर के जनप्रतिधियों को अपने घर भोज का न्यौता दे दिया। रविवार दोपहर इंदौर के सांसद,पांच विधायक उनके घर पहुंचे और करीब डेढ़ घंटे रहे। सभी ने साथ मिलकर भोजन किया और शहर की राजनीति से जुड़ी बातें भी की। अब राजनीतिक गलियारों में इस लंच पाॅलिटिक्स की चर्चा हो रही है, हालांकि लंच में शामिल हुए विधायक कह रहे थे कि पारिवारिक माहौल में हमने साथ मिलकर भोज किया।
दोपहर में मेयर पुष्य मित्र भार्गव आए। विधायक रमेश मेंदोला पहले ही आ चुके थे। इसके बाद विधायक मधु वर्मा, गोलू शुक्ला, मंत्री तुलसी सिलावट पहुंचे। सांसद शंकर लालवानी के अलावा इंदौर के प्रभारी राघवेंद्र गौतम, पूर्व विधायक जीतू जिराती और भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा भी भोज में शामिल हुए। सबसे बाद में विधायक महेंद्र हार्डिया आए। निवास की पहली मंजिल पर सभी ने साथ मिलकर मालवीय व्यंजन दाल बाफले, बेसन गट्टे की सब्जी, चूरमा लड्डू का स्वाद लिया। मंत्री के परिवार के सदस्यों ने खुद अपने हाथों से सभी को भोजन परोसा। भोजन के बाद विजयवर्गीय ने घर आए मेहमानों को आरएसएस पर लिखी एक पुस्तक भेंट की।
तीन विधायक नहीं आए
इस लंच में वैसे तो सभी जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था, लेकिन विधायक मालिनी गौड़, पूर्व मंत्री उषा ठाकुर और मनोज पटेल नजर नहीं आए। विजयवर्गीय बारिश के सीजन में भोपाल स्थित निवास पर भी भुट्टा पार्टी आयोजित करते है।