इंदौर के एमजीएम काॅलेज के जूनियर डॉक्टर को उनकी मौत ने उस दिन चुना, जिन दिन उनका जन्मदिन था। डॉक्टर अपने घर में ही अपने दोस्तों के साथ बर्थ डे का सेलिब्रेशन कर रहे थे। इस बीच वे बाथरुम गए और वहां चक्कर आने के बाद गिर पड़े। दोस्तों ने बाथरूम से बाहर निकाला तो डॉक्टर ने कहा कि सीने में दर्द हो रहा है। दोस्त उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतक का नाम डाॅ. जितेंद्र कैथल है। वे एमजीएम काॅलेज के पीजी सेकेंड ईयर के छात्र थे। जितेंद्र की दो माह पहले ही शादी हुई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया, ताकि मौत की वजह पता चल सके, हालांकि, परिजनों ने किसी तरह की शंका जाहिर नहीं की है।
कुछ दिनों से तबीयत खराब थी, ईसीजी सामान्य आया था
दोस्तों ने बताया कि जितेंद्र की कुछ दिनों से तबीयत खराब थी। उन्होंने अवकाश भी लिया था। बुधवार को भी चेस्ट पेन हुआ था तो डाॅक्टर ने ईसीजी किया था, लेकिन रिपोर्ट सामान्य निकली थी। गुरुवार सुबह भी उन्होंने डॉक्टर को दिखाया था। डॉक्टर ने जितेंद्र को अन्य जांचें कराने की सलाह दी थी।
गुरुवार शाम को पार्टी के लिए घर पर दोस्त आए थे। इस बीच जितेंद्र को सीने में दर्द हुआ और वे बाथरूम गए और वहां गिर पड़े। दोस्त उन्हें निजी अस्पताल लेकर गए, लेकिन बीच रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।