इंदौर में दो ब्रिज बनकर लगभग तैयार हो चुके हैं। दीपावली के समय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हाथों इन ब्रिज का लोकार्पण किया जाएगा। फूटी कोठी ब्रिज का लोड टेस्ट बुधवार को पूरा हो चुका है। उस पर अब विद्युत सज्जा का काम किया जा रहा है। इसके अलावा खजराना ब्रिज भी बनकर तैयार हो चुका है। उनके एप्रोच मार्ग का काम नगर निगम को करना है। यह ब्रिज पहले 15 अगस्त को शुरू होना था, लेकिन एक साथ दो ब्रिजों के लोकार्पण के चलते इस ब्रिज पर से भी यातायात नहीं गुजरने दिया जा रहा है। इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा 80 करोड़ की लागत से दोनों ब्रिज तैयार किए गए हैं। मध्य हिस्से में दोनों ब्रिजों में स्टील की गर्डर लगाई गई है। इस कारण ब्रिज का काम जल्दी पूरा हो गया है। पूर्वी रिंग रोड से पश्चिमी रिंग रोड का ट्रैफिक आसान होगा फूटी कोठी ब्रिज बनने से पूर्वी रिंग रोड, पश्चिमी रिंग रोड की राह आसान हो जाएगी। इस ब्रिज के बनने से धार रोड की तरफ से आने वाले ट्रैफिक को देवास या खंडवा की तरफ जाने में आसानी होगी। भारी वाहन भी इस ब्रिज से गुजर सकेंगे।उधर, खजराना ब्रिज के बनने से रिंग रोड का ट्रैफिक सुगम हो जाएगा। इस मार्ग को सिग्नल फ्री किया जा रहा है। इसलिए मूसाखेड़ी चौराहे पर भी ब्रिज का काम शुरू हो चुका है।