पहले दिन तेजस ट्रेन को मिले कम यात्री।
- फोटो : अमर उजाला
इंदौर से मुंबई के बीच शुरू हुई स्पेशल ट्रेन तेजस (संख्या 09085) को यात्रियों का भरपूर साथ नहीं मिला। पहले ही दिन मुंबई से आई ट्रेन के ज्यादातर कोच खाली रहे। मुंबई से 190 यात्री इंदौर पहुंचे, जबकि गुरुवार शाम पांच बजे जब ट्रेन इंदौर से रवाना हुई तो सिर्फ 225 यात्री ही ट्रेन में सवार हुए। उनमें भी ज्यादातर सूरत और वड़ोदरा के यात्री थे।
प्रदेश की पहली तेजस ट्रेन को पहले दिन यात्रियों का प्रतिसाद कम मिलने की एक वजह इसके संचालन के दो दिन पहले बुकिंग शुरू की गई। इस ट्रेन का किराया अधिक है और यह अवंतिका एक्सप्रेस से भी ज्यादा समय ले रही है। मुंबई से यह ट्रेन बुधवार रात 11.20 बजे रवाना हुई,लेकिन इंदौर डेढ़ घंटा देरी से दोपहर साढ़े 12 बजे पहुंची। तब ट्रेन में सवार 190 यात्री इंदौर स्टेशन पर उतरे। उनका कहना था कि ट्रेन ने इंदौर आने में काफी समय लिया। इसका किराया भी कम होना चाहिए। शाम पांच बजे अपने निर्धारित समय पर ट्रेन इंदौर से रवाना हुई। तब ट्रेन में 225 यात्री इंदौर से सवार हुए। इनमें ज्यादातर सूरत और वड़ोदरा के यात्री थे।
रेलवे अफसरों का कहना है कि आने वाले दिनों में ट्रेन की बुकिंग हो रही है। राखी त्योहार को देखते हुए ट्रेन की डिमांड बढ़ी हुई है। इंदौर से मुंबई के लिए चलने वाली अवंतिका और दुरंतो एक्सप्रेस में बुकिंग नहीं मिलती है। नई ट्रेन की डिमांड भी थी। इस कारण इस स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा रहा है।
इस ट्रेन का संचालन 30 अगस्त तक किया जाएगा। यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलेगी। इस ट्रेन का एसी-3 टियर का किराया एक हजार 805 रुपये है, जबकि एसी-2 टियर का किराया दो हजार 430 रुपये है। एसी फर्स्ट क्लास का किराया तीन हजार 800 रुपये रखा गया है। राखी त्योहार के समय शुरू की गई इस स्पेशल ट्रेन की बुकिंग 21 जुलाई से शुरू हो गई थी। इस ट्रेन में यात्रियों को आटोमेटिक डोर व वाईफाई की सुविधा मिलेगी।