इंदौर में कैबिनेट मंत्री प्रलहाद पटेल के भिखारी वाले बयान को लेकर कांग्रेस द्वारा आयोजित धरने में इंदौर के पूर्व कांग्रेस विधायक अश्विन जोशी ने आपत्तिजनक बात कह दी। उन्होंने नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और मेयर की तुलना जानवरों से कर दी।
इसके बाद भाजपा ने इस मामले में कांग्रेस के पूर्व विधायक को घेरना शुरू कर दिया है। भाजपा कार्यकर्ता शाम को जोशी का पुतला पागल खाने ले गए और वहां पुतले को यह कहकर जमा करा दिया कि जोशी का दिमागी संतुलन बिगड़ गया है। उन्हें इलाज की जरुरत है।
कलेक्टर कार्यालय के बाहर शनिवार को कांग्रेसजनों ने धरना दिया। जिसमें पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा सहित अन्य नेता शामिल हुए। जब पूर्व विधायक अश्विन जोशी बोलने खड़े हुए तो उन्होंने कहा कि शहरवासियों ने एक पढ़ा-लिखा महापौर चुना, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया। अब जनता पढ़े-लिखे लोगों को वोट नहीं देंगी। उन्होंने नगरीय प्रशासन मंत्री विजयवर्गीय को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की। उनके बयान से कांग्रेस के ही कुछ नेतागणों ने इतेफाक नहीं रखा, लेकिन यह भी कहा कि शहर में विकास के काम नहीं हो रहे है।
भाजपाई ले गए पुतले को पागलखाने
उनके बयान को लेकर राजनीति भी गरमाने लगी। भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि अश्विन जोशी को कांग्रेस टिकट नहीं देती है। उनका दिमागी संतुलन गड़बड़ा गया है। उन्हें मानसिक इलाज की जरुरत हैै। भाजपा के कार्यकर्ताअेां ने उनके पुतले को भी सांकेतिक रुप से बाणगंगा मानसिक चिकित्सालय में भर्ती कराया है।