इंदौर एयरपोर्ट पर इंदौर से प्रतिदिन पुणे जाने वाली उड़ान दो घंटे लेट हो गई। विमान जब रनवे पर था तो काॅकपीट में इमरजेंसी गेट खुला होने का अलर्ट आया। स्टाॅफ ने जाकर देखा तो गेट बंद मिला, लेकिन अलर्ट आने पर जांच की गई। इस कारण दो विमान ने दो घंटे बाद उड़ान भरी। इस कारण यात्रियों को परेशान होना पड़ा।
इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान हर दिन इंदौर से पुणे जाती है। शुक्रवार को भी यह विमान पुणे जाने के लिए रनवे पर तैयार था। प्लेन में 160 से ज्यादा यात्री सवार थे। प्लेन उड़ान भरता, उससे पहले पायलेट को इमरजेंसी गेट खुला रहने के संकेत मिले।
पायलेट ने स्टाॅफ को गेट की जांच करने के लिए कहा। गेट बंद मिले, लेकिन लगातार काॅकपीट से गेट खुला रहने के संकेत मिल रहे थे। इसके बाद पायलेट ने एटीएस और कंपनी के तकनीकी इंजीनियरों की टीम को सूचना दी। टीम ने बारिकी से प्लेन की जांच की, लेकिन विमान सुरक्षित था।
यह भी अनुमान लगाया गया कि फाॅल्स अलर्ट होगा। यह भी आशंका व्यक्त की गई कि गेट के पास बैठे यात्री ने गेट खोलने की कोशिश की होगी और फिर उसे बंद कर दिया, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई। इंदौर से पुणे 9.55 बजे उड़ान भरता है, लेकिन जांच के कारण दो घंटे देरी से विमान पुणे के लिए रवाना हुआ। यात्री कंपनी पर दूसरी उड़ान की व्यवस्था करने के लिए भी दबाव बनाते रहे।