प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ के लिए इंदौर और मालवा निमाड़ से काफी लोग जा रहे है। इंदौर से प्रयागराज जाने वाली ट्रेन में यात्रियों को लंबी वेटिंग मिल रही है। इसके अलावा बसों का किराया भी आम दिनों की तुलना में ज्यादा है।
सबसे ज्यादा महंगा सफर इंदौर से प्रयागराज तक चलने वाली एलायंस एयर की उड़ान का है, जो इसी माह शुरू हुई है।यह इंदौर से प्रयागराज की एक मात्र सीधी उड़ान है, जो आमतौर पर खाली नहीं रहती है।
शुक्रवार रात प्रयागराज की उड़ान में सिर्फ एक ही सीट खाली थी और उसका किराया 21 हजार रुपये था। एलायंस एयर ने प्रयागराज के लिए देश के 9 शहरों से विशेष उड़ान शुरू की है। इन 9 शहरों में इंदौर भी शामिल है। 70 सीटों वाला विमान में कंपनी को भरपूर यात्री मिल रहे है।
किराया भी आम दिनों से दो-तीन गुना है। इस सीधी उड़ान के अलावा दिल्ली होकर भी यात्री प्रयागराज जा रहे है। इसे देखते हुए इंदौर से दिल्ली के लिए भी दो कंपनियों ने उड़ानें बढ़ाई है। उधर इंदौर से प्रयागराज के लिए 25 से ज्यादा बसें भी रोज चल रही है। इंदौर से प्रयागराज की दूरी 900 किलोमीटर है और जाने में 12 से 15 घंटे का समय लगता है।
बसों का किराया भी प्रति यात्री पंद्रह सौ से अठराह सौ हजार रुपये तक लिया जा रहा है, जबकि आम दिनों में एक हजार से बारह सौ रुपये तक किराया रहता है। ट्रेनों में जगह नहीं मिलने के कारण बसों की डिमांड भी बढ़ गई है। इंदौर से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में भी भीड़ है,क्योकि कई यात्री दिल्ली होकर प्रयागराज जा रहे है।