इंदौर के निजी मेडिकल काॅलेज में गुरुवार को ईडी ने छापा मारा है और कई दस्तावेज जब्त किए। ईडी ने एक साथ दस राज्यों में छापे मारे है। इसमें इंदौर का यह काॅलेज भी शामिल है। इस काॅलेज के संचालक के खिलाफ मेडिकल मान्यता मामले में केस दर्ज हो चुका है। ईडी के छापों को भी उससे जोड़कर देखा जा रहा है। इससे पहले काॅलेज पर सीबीआई का छापा भी पड़ चुका है।
रायपुर के रावतपुरा मेडिकल इंस्टीट्यूट मान्यता में रिश्वत कांड का मामला उजागार होने के बाद मेडिकल मान्यता के मामले में सीबीआई ने जांच शुरू की थी। इस मामले में तब 20 से ज्यादा काॅलेज जांच के घेरे में आए थे और उनके संचालकों के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। इंदौर के इंडेक्स मेडिकल काॅलेज के संचालक सुरेश भदौरिया के खिलाफ भी धोखाधड़ी का केस दर्ज हो चुका है। यह केस 30 जून को दर्ज हुआ था। अब अफसरों ने रिश्वत देकर मान्यता दिलाने के गठजोड़ को उजागर किया था। संचालकों को पहले ही दौरे के बारे में बता दिया जाता था और वे काॅलेज में मान्यता के मापदंडो के तहत इंतजाम कर लेते थे।
सीबीआई के बाद अब ईडी की टीम ने छापे मारे है। एक टीम काॅलेज पहुंची और जांच की, हालांकि काॅलेज संचालक के घर और दफ्तर पर टीम नहीं पहुंची। ईडी के अफसरों ने अकाउंट विभाग में जाकर जानकारी जुटाई। आपको बता दें कि सीबीआई ने छह माह पहले 40 से ज्यादा ठिकानों पर एक साथ छापे मारे थे। तब तीन डाक्टरों सहित छह लोगों को गिरफ्तार भी किया गया था।