20 वां मैच भारत और इंग्लैड के बीच इंदौर में खेला गया।
- फोटो : amar ujala
महिला क्रिकेट विश्व कप का 20 वां मैच भारत और इंग्लैड के बीच इंदौर में खेला गया। रविवार को दीपावली के एक दिन पहले इंदौर में हो रहे मैच को देखने के लिए क्रिकेटप्रेमियों की भीड़ जुटी। 30 हजार की क्षमता वाला होलकर स्टेडियम भरा हुआ था।
टाॅस जीतने के बाद इंग्लैड ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। इससे दर्शक खुश हुए कि दुधिया रोशनी के बीच उन्हें भारतीय टीम की बल्लेबाजी देखने को मिलेगी। टीम इंडिया का उत्साह बढ़ाने के लिए दर्शक भारतीय जर्सी पहन कर आए तो कुछ अपने चेहरे पर तिरंगे रंग का पेंट करवा कर आए। मैच तीन बजे शुरू हुआ। सूरज डूबने के बाद हल्की ठंड के बीच स्टेडियम में मैच का लुत्फ दर्शक उठाते रहे। मैच देखने के लिए क्रिकेटप्रेमी दोपहर डेढ़ बजे से ही स्टेडियम में जुट गए थे। पार्किंग स्थल दूर होने के कारण दर्शकों को काफी पैदल भी चलना पड़ा।
दूसरे शहरों से भी आए क्रिकेटप्रेमी
इंदौर में इससे पहले महिला वर्ल्ड कप के दो मैच हो चुके है, लेकिन उसमें ज्यादा भीड़ नहीं थी, लेकिन रविवार को भारतीय टीम का इंग्लैंड से मैच था। इस कारण सारे टिकट दो दिन में ही बिक गये थे। लोग पास की जुगाड़ लगाते रहे। इस बार टिकट काफी सस्ते थे। इस कारण क्रिेकेटप्रेमियों ने उन्हें पहले ही बुक कर लिया था। कई दर्शक अपने साथ हैंड बैग, बोतल, सेल्फी स्टीक लेकर आए थे, लेकिन उन्हें भीतर नहीं ले जाने दिया गया।
कई लोग स्टेडियम में पांच बजे के बाद पहुंचे। उन्हें पता चला कि पहले इंग्लैंड बल्लेबाजी कर रही है तो वे देरी से घरों से स्टेडियम के लिए निकले। टीम इंडिया चार दिन पहले इंदौर आ चुकी थी और उन्होंने स्टेडियम में ही मैच का अभ्यास किया। इसके अलावा उज्जैन में महाकाल के दर्शन के लिए भी टीम गई थी।