इंदौर के छत्रीपुरा क्षेत्र में 35 वर्षीय पेंटर सुरेंद्र ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजनों ने एक महिला पर 40 हजार के कर्ज के एवज में प्रताड़ित करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच कर रही है।
इंदौर के छत्रीपुरा इलाके में बुधवार को 35 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने क्षेत्र की एक महिला पर कर्ज और ब्याज के लेन-देन को लेकर लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मृतक पेशेवर रूप से पेंटर और ढोल वादक का काम करता था।
विज्ञापन
बच्चों ने देखा फंदे पर लटका शव
घटना बारा भाई मोहल्ले की है। मृतक की पहचान सुरेंद्र पुत्र सुनील निवासी बारा भाई मोहल्ला के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक सुरेंद्र के बच्चों ने सबसे पहले उसे फंदे पर लटका देखा था। इसके तुरंत बाद बच्चों ने अपने बड़े पिता गणेश को पूरी जानकारी दी। मृतक सुरेंद्र के परिवार में दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं।
40 हजार रुपए के कर्ज और ब्याज से जुड़ा विवाद
सुरेंद्र के बड़े भाई गणेश ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि इलाके की भूरी नाम की महिला ब्याज पर रुपए देने का काम करती है। लगभग तीन महीने पहले सुरेंद्र ने उससे 40 हजार रुपए उधार लिए थे। परिवार का दावा है कि सुरेंद्र यह पूरी रकम ब्याज सहित वापस कर चुका था, लेकिन इसके बावजूद महिला का कहना था कि अभी 8 हजार रुपए और देना बाकी है।
विज्ञापन
परिजनों ने लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप
परिजनों के अनुसार इसी लेन-देन के सिलसिले में बुधवार को भूरी ने सुरेंद्र को अपने पास बुलाया था। आरोप है कि वहां उसे बुरी तरह अपमानित किया गया और उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। पीड़ित परिवार ने उक्त महिला पर गंभीर मानसिक प्रताड़ना देने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
मामले की जांच में जुटी छत्रीपुरा पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद छत्रीपुरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और महिला पर लगाए गए सभी आरोपों की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।