इंदौर के संगम नगर में दादा की हत्या के मामले ने परिवार के भीतर के पुराने विवाद को सामने ला दिया है। पुलिस के मुताबिक पोती ने कमरे में सो रहे दादा पर बैट से हमला किया था। युवती ने दादा पर दस साल पहले आपत्तिजनक हरकत करने का आरोप लगाया है।
इंदौर के संगम नगर क्षेत्र में एक पोती ने अपने ही दादा की हत्या कर दी। युवती ने दादा पर बुरी नजर रखने के आरोप लगाए हैं, लेकिन पुलिस दूसरे तथ्यों पर भी जांच कर रही है। युवती रात को दादा-दादी के यहां अकेली आई थी या साथ में कोई और था। यह भी पता लगाया जा रहा है।
विज्ञापन
आसपास के लोगों से पूछताछ में यह पता चला है कि वह बुलेट पर अकेले आई थी और अपने साथ घर से ही बैट लेकर आई थी। उसने कमरे में सो रहे दादा के सिर पर बैट से वार कर दिया। युवती के पिता सीए हैं, जबकि मां गृहिणी है। युवती एक निजी कॉलेज में पत्रकारिता की पढ़ाई कर रही है।
पिता से विवाद के बाद आई थी दादा के यहां
पुलिस को यह भी पता चला है कि युवती का शनिवार को पिता से विवाद हुआ था। देर से घर आने की बात और बेवजह रोक-टोक के कारण विवाद की बात सामने आई है। वह रात को 12 बजे आई थी और पिता से विवाद के बाद सो गई थी। इसके बाद वह उठी और रात दो बजे के बाद दादा के घर के लिए बुलेट लेकर निकली थी। यह भी पता चला है कि युवती गुस्सैल स्वभाव की है और उसे ज्यादा पाबंदियां पसंद नहीं हैं। वह यू-ट्यूब चैनल भी चलाती थी।
दस साल पहले की थी आपत्तिजनक हरकत
युवती ने पुलिस को बताया कि दस साल पहले दादा ने उसके साथ आपत्तिजनक हरकत की थी। वह बात उसे हमेशा परेशान करती थी। पुलिस यह पता करने में जुटी है कि यह बात उसने परिवार के किन-किन लोगों को बताई थी।