इंदौर के लसूडिया क्षेत्र में एक युवक की मौत हो गई। युवक राजेश पिता रुप सिंह शाम को अपने बेटे को बाइक पर घुमाने के लिए निकला था। बायपास पर तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। बेटे की आंखों के सामने पिता की मौत हो गई। टक्कर के बाद कार नहीं रुकी। किसी ने कार का नंबर भी नोट नहीं किया। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार नंबर का पता लगा रही है।
युवक राजेश ने एक टाउनशिप के बाहर बाइक खड़ी की थी और बेटे आकाश को बाइक पर बैठा रखा था और वे खुद बायपास पार कर कुछ सामान खरीदने गए थे। सड़क पार करते समय कार ने टक्कर मारी तो राजेश पंद्रह फीट दूर जा गिरे। टक्कर से सिर, पसली और पैर में चोट आई। मौके पर ही राजेश की मौत हो गई।
हादसे के बाद एक रिश्का चालक रुका। उसने पुलिस कंट्रोल रुम पर काॅल किया। पुलिस मौके पर पहुंची तो हादसे से सहमे आकाश ने पूरा घटनाक्रम बताया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा और मामले की जांच में जुट गई।
अभी तक टक्कर मारने वाली कार के बारे में पता नहीं चल पाया है। राजेश खरगोन के बेडिया गांव का निवासी है। रोजगार के सिलसिले में वह इंदौर में परिवार के साथ रहता था। वह मिस्त्री का काम करता था। परिवार में पत्नी व तीन बच्चे है। परिवार में राजेश अकेला कमाने वाला था। राजेश के दो भाई भी है, वे गांव में रहते है। हादसे की सूचना मिलने के बाद दोनो भाई भी इंदौर आ गए।