इंदौर के लसूड़िया मोरी में रहने वाले 25 वर्षीय युवक आकाश चौहान ने सोमवार सुबह अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक की पहचान आकाश चौहान के रूप में हुई है। यह घटना सुबह उस समय सामने आई जब आकाश की मां ने कमरे में उसका शव फंदे से लटका देखा। इसके बाद उसने तुरंत पति और छोटे बेटे को जानकारी दी, और परिवार में हड़कंप मच गया।
शादी और नौकरी में तनाव चल रहा था
आकाश की शादी एक महीने पहले देवकन्या नामक युवती से हुई थी, जो चापड़ा की रहने वाली है। हाल ही में देवकन्या अपने मायके गई हुई थी। आकाश लसूड़िया इलाके के एक पेट्रोल पंप पर काम करता था, लेकिन कुछ समय पहले उसके और पेट्रोल पंप के मैनेजर के बीच कहासुनी हो गई थी। इसके बाद आकाश ने काम पर जाना बंद कर दिया था। साथ ही, मैनेजर की ओर से लगातार कॉल आ रहे थे और पैसे के लेन-देन को लेकर उस पर दबाव भी बन रहा था।
आर्थिक तनाव और मानसिक दबाव
आकाश के पिता मोहन चौहान ने बताया कि शादी के बाद आकाश मुश्किल से दो दिन ही काम पर गया था। शादी के लिए उसने पेट्रोल पंप से कुछ रुपए एडवांस में लिए थे, और इसी लेन-देन को लेकर मैनेजर कुणाल के साथ उसका विवाद हुआ था। आकाश मानसिक रूप से तनाव में था और कुछ समय से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, जो उसकी आत्महत्या की वजह बन सकती है।
पढ़ाई करना चाहता था
परिवार में आकाश के पिता, मां, छोटा भाई और बड़ी बहन हैं। पिता के मुताबिक, आकाश ने दो साल पहले पढ़ाई छोड़ दी थी, लेकिन इस साल उसने फिर से पढ़ाई शुरू करने की इच्छा जताई थी और फर्स्ट ईयर का प्राइवेट फॉर्म भी भर लिया था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।