इंदौर में 12 कक्षा के छात्र ने मां की डांट से खफा होकर फांसी लगा ली। उसका अपनी बहन से झगड़ा हुआ था और उसने बहन को चांटा मार दिया था। इसके बाद मां ने बेटे को डांट लगाई थी।
मामला एयरपोर्ट रोड क्षेत्र की पद्मालय काॅलोनी का है। यहां रहने वाले शौर्य पिता अशोक कदम ने पहली मंजिल पर अपने रुम में फांसी लगा ली। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे फंदे से उतारा और अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस को उसके कमरे से सुसाइड नोट तो नहीं मिला, लेकिन परिजनों ने दिन में हुए झगडे की बात पुलिस को बताई, जो आत्महत्या की वजह हो सकती है।
शौर्य को अपने परिवार के साथ बुधवार को एक रिश्तेदार के यहां विवाह समारोह में जाना था।मां ने मंगलवार रात को दोनो भाई बहन को कपड़े पैक करने को कहा था। इस दौरान दोनो के बीच झगड़ा होने लगा। शौर्य ने अपनी छोटी बहन को चांटा मार दिया। यह बात मां को चली तो उन्होंने शौर्य को डांटा। मां की डांट से वह रुठ कर अपने कमरे में चला गया। बहुत देर तक वह नीचे नहीं आया तो माता-पिता ने बेटी को मनाने के लिए कमरे में भेजा, लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला।
फिर पिता उपर पहुंचे। दरवाजा नहीं खोलने पर खिड़की से उन्होंने झांक कर देखा तो शौर्य फांसी पर लटका हुआ था। उसे पिता अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। शौर्य के पिता प्रापर्टी ब्रोकर है। शौर्य ने इस साल 12 वीं की परीक्षा दी थी और वह इंजीनियरिंग की तैयारी भी कर रहा था। परिजनों ने कहा पता नहीं था कि शौर्य इतनी सी बात से रुठ कर अपना जीवन समाप्त कर लेगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।