पूरी दुनिया का ध्यान इन दिनों टैरिफ वॉर पर है। अमेरिका और अन्य देश एक दूसरे पर टैरिफ लगाने के लिए कई स्तर पर बदलाव कर रहे हैं। इस टैरिफ वॉर में भारत को नुकसान नहीं होगा। यूरोप को इससे नुकसान हो सकता है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के पीएम नरेन्द्र मोदी के बीच रिश्ते बहुत अच्छे हैं। भारत को इसका फायदा मिलेगा। भारत में टैरिफ लगातार कम किए जा रहे हैं, इससे बिजनेस का अच्छा माहौल बनेगा। यह बातें गोदरेज इंडस्ट्रीज के चेयरपर्सन नादिर बुरोरजी गोदरेज ने अमर उजाला से बातचीत में कही। वे इंदौर मैनेजमेंट एसोसिएशन (आईएमए) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इंदौर पहुंचे थे।
विज्ञापन
एआई से नौकरियां जाएंगी
गोदरेज ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से बहुत फायदा होगा। यह तकनीक नई है इसके बारे में अभी ज्यादा कुछ नहीं कहा जा सकता लेकिन यह साफ है कि कई क्षेत्रों में यह क्रांतिकारी बदलाव लाएगी। हालांकि इससे नौकरियां जाने का खतरा भी बना हुआ है।
मप्र में हम बड़े निवेश करेंगे
गोदरेज ने कहा कि एमपी में हमारे बड़े निवेश हैं। यहां माहौल बहुत अच्छा है। नीतियां बहुत अच्छी हैं। हम भविष्य में यहां पर और कई प्रोजेक्ट्स में बड़े निवेश करेंगे। बिजनेस की नीतियों को जितना आसान बनाया जाएगा उतना ही अधिक निवेश आएगा। हमने मप्र में अभी तक जो भी मांगा है मिला है। यहां पर माहौल अच्छा है।
विज्ञापन
एक समय हम भी डर गए थे
हर बिजनेस ग्रुप के लिए चैलेंजिंग समय आता है। 1950 में पहला लिबरलाइजेशन हुआ तब हम खुद डर गए थे, उस वक्त हमने सभी काम जाइंट वेंचर में किए। पांच से छह साल के बाद परिस्थितियां बेहतर हुई। इसके बाद में बिजनेस ग्रोथ बहुत अच्छा हुआ। हमें संभावनाएं दिखनें लगी और फिर हम आगे बढ़ते गए। इसके बाद 1960 से समय बहुत अच्छा आ गया।
सिर्फ पैसा कमाने का न सोचें
युवा उद्यमियों को यह समझना चाहिए कि बिजनेस सिर्फ पैसों के लिए न करें, समाज को कुछ अच्छा देने के उद्देश्य से बिजनेस करेंगे तो बहुत आगे बढ़ेंगे। विदेशों में जाकर काम करने में कोई बुराई नहीं है। कुछ साल के लिए विदेश जाएं और फिर भारत आकर बिजनेस करें। सीखने के लिए बाहर जाना जरूरी है। मेरे बेटे भी अमेरिका गए, वहां कुछ साल काम सीखा फिर भारत में बिजनेस को आगे बढ़ाया।
पर्यावरण प्रदूषण सबसे बड़ी समस्या
दुनिया में आज पर्यावरण प्रदूषण सबसे बड़ी समस्या है। उद्योगों को पर्यावरण के बारे में सबसे पहले सोचना होगा। यदि पर्यावरण बेहतर रहेगा तो हम अच्छा बिजनेस कर पाएंगे। कार्बन उत्सर्जन कम करना होगा, हरियाली पर ध्यान देना होगा।