इंदौर के एक निजी स्कूल के खिलाफ प्रशासन ने प्रकरण दर्ज कराया है। स्कूल प्रबंधन प्रकाशकों से सांठगांठ कर चुनिंदा स्टोर से ही नए शैक्षणिक सत्र की किताबें खरीदने के लिए पालकों को बाध्य कर रहा था। इसकी शिकायत प्रशासन तक पहुंची तो उसकी जांच मेें पाया गया कि कुछ स्टोरों पर ही स्कूल की किताबें मिल रही थी और पालकों को वही से किताबें खरीदने के लिए कहा जा रहा था।
इस मामले मेें तहसीलदार अरुण कुमार त्रिपाठी की शिकायत पर पलासिया थाने में सेंट अर्नाल्ड स्कूल के प्राचार्य के खिलाफ केस दर्ज किया गया। इससे पहले भोपाल में भी प्रशासन ने एक स्कूल के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया था।
लाला राम नगर स्थित सेंट अर्नाल्ड स्कूल में नए सत्र के लिए विद्यार्थियों को किताबेें खरीदने के लिए कहा गया। साथ ही यह भी बताया गया कि किताबें किस दुकान से खरीदना है। स्कूल द्वारा बताई गई किताबें दूसरी दुकानों पर नहीं मिल रही थी। पालकों को मनमाने दामों पर चुनिंदा दुकानों से ही किताबें खरीदने के लिए दबाव बनाया जा रहा था।
स्कूल संचालकों की एकाधिकार प्रवृति को रोकने केे लिए कलेक्टर इलैरा राजा टी ने पिछले दिनों धारा 144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश भी जारी किए थे। स्कूल प्रबंधन द्वारा आदेश का उल्लघंन किए जाने पर धारा-188 के तहत पलासिया थाने मेें स्कूल प्राचार्य के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। किसी बड़े स्कूल के खिलाफ इस तरह की एक्शन लंबे समय बाद लिया गया हैै।