25 जुलाई को सिंगापुर टाउनशिप क्षेत्र में घर में अकेली आठ साल की बच्ची के साथ रेप करने वाले आरोपी का मकान नहीं तोड़े जाने से रहवासी नाराज है। मंगलवार को जनसुनवाई में रहवासी आरोपी के घर बुलडोजर चले की तख्तियां लेकर प्रदर्शन करने कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने नारेबाजी कर विरोध जताया।
रहवासियों का कहना है कि प्रशासन अपराधियों के अवैध निर्माण तोड़कर उन्हें सबक सिखाता है, लेकिन आठ साल की बच्ची के साथ रेप करने वाले आरोपी युसूफ का घर नहीं तोड़ा जा रहा है। वे अपने साथ तख्तियां भी लेकर आए थे। जिस पर लिखा था कि आरोपी के घर चले बुलडोजर, यदि मकान नहीं टूटा तो रहवासी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में महिलाएं भी शामिल थीं। अफसरों ने ज्ञापन लेकर आरोपी के खिलाफ एक्शन लेने की आश्वासन दिया है।
लिफ्ट खराब, जनसुनवाई कक्ष में नहीं पहुंचे दिव्यांग तो कलेक्टर नीचे आए
कलेक्टर कार्यालय की तीनों लिफ्ट खराब होने के कारण मंगलवार को दिव्यांग पहली मंजिल के जनसुनवाई कक्ष में नहीं आ पाए। इसका पता चलने के बाद कलेक्टर इलैया राजा टी खुद तल मंजिल पर आए और उनकी समस्या सुनी। साढ़े 12 बजे के बाद फिर विकलांग एकत्र हुए तो दोबारा कलेक्टर नीचे उतरे और उनकी जनसुनवाई अलग से की। दिव्यांगों को आर्थिक मदद दी गई।
उन्हें यह भी बताया गया कि अमृत योजना के तहत अब 80 प्रतिशत से अधिक के दिव्यांगों को ही स्कूटी दी जाएगी। अब तक कोई शर्त नहीं थी और 40 व 60 प्रतिशत दिव्यांगता वालेे दिव्यांगों को भी स्कूटी दी जा रही थी। कलेक्टर ने दोना पत्तल बनाने वाले एक दिव्यांग व्यक्ति को एक लाख रुपये भी देने का आश्वासन दिया,ताकि वे अपने कारोबार में वृदि्ध कर सके। जनसुनवाई तीन बजे तक चली और सभी से कलेक्टर ने बात की।