घायलों से मिलने पहुंचे सीएम शिवराज।
- फोटो : अमर उजाला
हादसे में अब तक 36 की मौत
हादसे में मरने वालों में 15 से ज्यादा महिलाएं, 10 से अधिक पुरुष और दो बच्चे शामिल हैं। इनमें से एक डेढ़ साल का बच्चा है, जिसका नाम हितांश है। घायलों को पास के एप्पल हॉस्पिटल में इलाज के लिए भेजा गया है। जबकि गंभीर घायलों को एमवाय अस्पताल में भर्ती किया गया है। इंदौर कलेक्टर इलैयाराजा ने जिम्मेदारों पर कठोरतम धाराओं में केस दर्ज करने और कार्रवाई की बात कही है। घटना के मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। कलेक्टर के अनुसार फिलहाल 16 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। दो लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
पानी होने से बढ़ा मौत का आंकड़ा
लोगों ने बताया कि जिस बावड़ी में लोग गिरे थे, उसमें पानी भरा था। लोग गिरे, ऊपर से मलबा गिरा। इस वजह से जो लोग नीचे गिरे, उनकी मौत हुई। प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य के दौरान पानी के होने के चलते काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पहले बावड़ी के पानी को खाली किया गया फिर लोगों को निकाला गया।
हादसे में बचाए गए घायलों की लिस्ट
भारती गुलानी (28), महेश कौशल (49), रौनक पाल (37), ज्योति पटेल (55), लक्ष्मीनारायण शर्मा, ललित सेठिया (44), बेबी अलिना (7), बेबी वेदा (3), मुरली सबनानी (54), शांता पटेल (57), भावेश पटेल (37), लक्ष्मण दलवानी (53), पंकज पटेल (47), दीपा खानचंदानी (52), माया गुलानी (48), नंदनी दशोरे (15), आकाश मोटवानी (25), कनक पटेल (32)। हालांकि इनमें से दो की मौत हो गई है।
मंदिर के अंदर बनी है बावड़ी
मंदिर में अंदर बनी बावड़ी करीब 60 फीट गहरी है, जिसे ठांकने के लिए उस पर छत डाली गई थी। जिस समय मंदिर में हवन हो रहा था और लोग बावड़ी पर बैठे थे। वजन बढ़ने से अचानक बावड़ी की छत भरभराकर ढह गई। लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही नीचे गिर गए। गिरने वालों में महिलाएं, पुरुष, कुछ बच्चे शामिल थे। रामनवमी होने से मंदिर में भीड़ भी अधिक थी।
मंदिर का वह हिस्सा जहां बावड़ी धंसी थी
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री ने दिए जांच के निर्देश
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर में पुरानी निजी बावड़ी के धंस जाने से व्यक्तियों की असामयिक मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि है यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। अनेक प्रयासों के बाद कई नागरिकों को बचाया नहीं जा सका। घटना की जांच के निर्देश दिए गए हैं। सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि घटना में दिवंगत लोगों के परिजन को पांच-पांच लाख रुपये की राहत राशि प्रदान की जाएगी। घायलों के नि: शुल्क उपचार के साथ 50 हजार प्रति घायल को राशि प्रदान की जाएगी। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के स्वजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया गया है।
पूर्व सीएम कमलनाथ ने किया ट्वीट
पूर्व सीएम कमलनाथ ने इंदौर के मंदिर में हुए हादसे पर चिंता व्यक्त की उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि इंदौर के बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में हवन के दौरान लोगों के बावड़ी में गिर जाने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। मैं ईश्वर से सभी श्रद्धालुओं के सकुशल बाहर आने की कामना करता हूं। प्रभु श्रीराम सबकी रक्षा करें। कमलनाथ ने एक और ट्वीट कर कहा कि मंदिर में हवन के दौरान बावड़ी में गिरने से कुछ लोगों की मृत्यु का समाचार सामने आ रहा है। कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता घटनास्थल पर मौजूद हैं। मैं कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि इस संकट की घड़ी में हर संभव मदद करें।
करीब 16 घायल अस्पताल में भर्ती हैं
- फोटो : अमर उजाला
CM योगी ने इंदौर हादसे पर जताया दुःख
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि इंदौर में हुई दुर्घटना अत्यंत दु:खद है, मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से सबकी कुशलता के साथ घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है।
हादसे पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने भी शोक जताया है। ट्वीट में राहुल ने लिखा है कि इंदौर के बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में उत्सव के दौरान हुए हादसे की खबर बहुत दुखद है। घटना में जिनकी मृत्यु हुई, उनके परिजनों को मैं गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं। वहीं प्रियंका ने लिखा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील है कि राहत एवं बचाव कार्य में हरसंभव मदद करें।
हादसे के बाद मंदिर के बाहर भीड़ लग गई थी।
- फोटो : अमर उजाला