Indore News: राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने इंदौर में पत्रकारों से चर्चा की। दोनों ने कहा कि संविधान को खतरा है सरकार चुनिंदा उद्योगपतियों के इशारे पर चल रही।
बाबा साहब अंबेडकर का पत्र आज भी संभालकर रखा हुआ है। उस पत्र को सभी को पढ़ना चाहिए। उसमें बाबा साहब ने लिखा है कि किस तरह से आरएसएस ने उन्हें चुनाव हरवाया। उसमें उन्होंने लिखा कि मुझे हरवाने में उन लोगों का पूरा हाथ है जो आरएसएस के लोग हैं। उन्होंने दूसरी पार्टी (आज भाजपा) को जिताने के लिए मुझे हरवाया। यह बातें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने इंदौर में पत्रकारों से चर्चा में कही।
विज्ञापन
दोनों ने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर का यह पत्र हमेशा चर्चा में रहेगा। उन्होंने चुनाव में हारने के बाद अपने मित्र को पत्र लिखा था और उसमें अपना दर्द बयां किया था। डोटासरा और टीकाराम ने कहा कि भाजपा कहती है कि हमने बाबा साहब का अपमान किया जबकि गृहमंत्री अमित शाह ने संसद में जो बोला उसे सुनकर कुछ कहने को बचता ही नहीं है। दोनों ने कहा कि आरएसएस के लोगों ने संविधान की प्रति जलाई और उसी आरएसएस ने भाजपा को बनाया। आज भाजपा संविधान की रक्षा की बात कहती है लेकिन यह न भूले कि संविधान की प्रतियां जलाने वालों के साथ वह खुद खड़ी हुई है।
लोकतंत्र खत्म कर रही भाजपा
दोनों ने कहा कि लोकतंत्र को खत्म करने के लिए भाजपा पुरजोर प्रयास कर रही है। देश के चुनिंदा उद्योगपतियों के दम पर सरकार चल रही है और उन उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए सरकार हर काम कर रही है।
विज्ञापन
कांग्रेस से डरकर आज भाजपा ने इवेंट कर लिया
दोनों ने कहा कि महू में कांग्रेस का विराट कार्यक्रम देखकर भाजपा इतना डर गई कि आज इंदौर में आनन फानन में कार्यक्रम तय कर लिया। पूरे शहर में होर्डिंग लगा दिए ताकि लोगों के बीच में कांग्रेस के कार्यक्रम की जानकारी पहुंच न पाए। भाजपा का ध्यान देश के विकास पर नहीं बल्कि भ्रष्टाचार करने पर है।