जिला मुख्यालय की कृषि उपज मंडी में सुबह एक खाली स्कूल वैन में घरेलू एलपीजी सिलेंडर से गैस भरते समय अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते पूरी वैन को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान मंडी की एक दुकान में रखा सामान भी जलकर खाक हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय वैन में बच्चे मौजूद नहीं थे, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वैन में गैस भरने के दौरान अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि वैन को बचाने का मौका तक नहीं मिला। सूचना मिलने के करीब 20 मिनट बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। घटना के बाद वैन चालक मौके से फरार हो गया।
गैस से चल रही स्कूल वैन, बच्चों की सुरक्षा दांव पर
इस घटना ने जिले में एलपीजी गैस से संचालित मारुति वैन और उनमें बच्चों को स्कूल ले जाने की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घरेलू गैस सिलेंडर से वाहन में गैस भरना कितना जोखिम भरा हो सकता है, इसका उदाहरण कृषि मंडी में देखने को मिला। सवाल यह भी है कि जिले में ऐसी वैनों के संचालन पर परिवहन विभाग की निगरानी कितनी प्रभावी है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही।
ये भी पढ़ें: एमपी में शराब घोटाले पर कांग्रेस का हमला: 2.75 करोड़ की एफडीआर और रिश्वत को लेकर सियासी घमासान,निशाने पर सरकार
मंडी प्रशासन ने पुलिस को सौंपे वाहन और सिलेंडर
प्रत्यक्षदर्शी अशोक राठौर ने बताया कि घटना उनके कार्यालय के पीछे हुई थी। मंडी प्रशासन ने पंचनामा तैयार कर वैन और सिलेंडर पुलिस को सौंप दिए हैं। सिटी कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है। यदि आग सिलेंडर तक पहुंच जाती तो मंडी परिसर में बड़ा हादसा हो सकता था। अब सवाल यह है कि इस घटना के बाद प्रशासन जागेगा या बच्चों की जान जोखिम में डालने वाली व्यवस्था पर कार्रवाई के लिए किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जाएगा।