प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हत्या की बात कहने वाले कांग्रेस सरकार के पूर्व मंत्री राजा पटेरिया का वीडियो वायरल होने के बाद पन्ना पुलिस ने मामला दर्ज किया था। इस मामले में मंगलवार सुबह छह बजे पन्ना पुलिस ने हटा पहुंचकर उन्हें उनके घर से गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद उन्हें पन्ना जिले की कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उन्हें 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
क्या है मामला
राजा पटेरिया रविवार को पन्ना में कांग्रेस के एक कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रहे थे। इसी कार्यक्रम का एक वीडियो वायरल हुआ। वायरल वीडियो में राजा पटेरिया कहते दिख रहे हैं कि ‘मोदी इलेक्शन खत्म कर देगा। मोदी धर्म, जाति, भाषा के आधार पर बांट देगा। दलितों का, आदिवासियों का, अल्पसंख्यकों का भारी जीवन खतरे में है। संविधान यदि बचाना है तो मोदी की हत्या करने के लिए तत्पर रहो, हत्या इन द सेंस हराने का काम करो।’
वीडी शर्मा बोले- कानून के तहत हो रही है कार्रवाई
सांसद और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पटेरिया को जेल भेजे जाने पर कहा कि कांग्रेस के नेता ने जिस प्रकार से प्रधानमंत्री के लिए शब्दों का उपयोग किया, यह सामान्य घटना नहीं है। जिस प्रकार की स्ट्रैटजी और प्रधानमंत्री की हत्या की बात कोई करे तो यह गंभीर मसला है। सरकार ने इसे गंभीरता से लिया है। उस पर कड़ी कार्रवाई प्रारंभ हुई है। वे इस साजिश को किस प्रकार से अंजाम देने का भी प्रयास कर रहे थे, उनके साथ कौन जुड़ा है, किसके इशारे पर इस प्रकार की साजिश उन्होंने की है, इस पर प्रशासन अपना काम करेगा। जो बातें हुई हैं, कानून के तहत उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। ऐसे लोग नहीं बच सकते हैं मध्यप्रदेश में।
सारंग का आरोप- 10 जनपथ से चल रही है पीएम के खिलाफ साजिश
कांग्रेस नेता राजा पटेरिया की गिरफ्तारी पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि सोमवार को एफआईआर दर्ज हुई। मंगलवार सुबह पन्ना के हटा से पुलिस ने पटेरिया को गिरफ्तार किया है। पटेरिया ने अपराध किया है, जो कानून की परिधि में आता है। यह केवल किसी राजनीतिक कार्यकर्ता का भाजपा के खिलाफ बयान नहीं बल्कि पीएम की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। राजा पटेरिया ने जिस तरह कार्यकर्ताओं की मीटिंग में पीएम की हत्या के लिये तत्पर रहने को कहा, यह शक पैदा करता है कि क्या कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग दी जा रही है? 10 जनपथ से पीएम मोदी के खिलाफ मुहिम चलाईं जा रही है। पीएम मोदी की लोकप्रियता से राजनीति में कांग्रेस को कहीं कोई स्थान नहीं मिल रहा है। क्या कांग्रेस पीएम मोदी की हत्या की साजिश रच रही है, यह एक जांच का विषय है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी लगातार पाकिस्तानपरस्ती की बातें हो रही हैं। देश के खिलाफ बयान देने वाले राहुल की यात्रा में साथ चल रहे हैं। राजा पटेरिया के पूरे कृत्य की जांच होनी चाहिए जिससे पीएम की सुरक्षा में कोई आंच ना आए।