कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की करीब 150 छात्राएं एसडीएम से मिलने पहुंची।
- फोटो : अमर उजाला
जिले के बाग ब्लॉक के भमोरी स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की करीब 150 छात्राएं बुधवार तड़के हॉस्टल से निकलकर अपनी समस्याएं लेकर एसडीएम से मिलने रवाना हो गईं। कक्षा 9वीं और 10वीं की छात्राएं करीब 20 किलोमीटर पैदल चलकर ग्राम बिरलाई पहुंचीं। छात्राओं ने हॉस्टल में सहायक वार्डन के व्यवहार, भोजन की गुणवत्ता और अतिथि शिक्षकों से जुड़ी समस्याओं को लेकर नाराजगी जताई।
समझाइश के बाद वाहनों से लौटाया
छात्राओं के हॉस्टल से निकलने की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारी सक्रिय हुए। बीईओ, बीआरसी और हॉस्टल वार्डन ने मामले की जानकारी एसडीएम कुक्षी आशीष अशोक पाटिल को दी। एसडीएम सहित अधिकारी बिरलाई पहुंचे और छात्राओं से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। समझाइश के बाद छात्राओं को वाहनों से वापस हॉस्टल भेजा गया।
ये भी पढ़ें-
ग्वालियर: मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट का घेराव किया
बार-बार सजा देने का आरोप
छात्राओं ने सहायक वार्डन कुसुम चौहान पर बार-बार सजा देने का आरोप लगाया। छात्राओं का कहना था कि हॉस्टल में भोजन निर्धारित मैन्यू के अनुसार नहीं दिया जाता तथा भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी परेशानी है। अतिथि शिक्षकों से संबंधित समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखी गईं। छात्राओं के अनुसार उन्होंने पहले हॉस्टल वार्डन मयतुल बघेल को भी अपनी परेशानियों से अवगत कराया था।
सहायक वार्डन और तीन अतिथि शिक्षक हटेंगे
एसडीएम आशीष अशोक पाटिल ने छात्राओं से चर्चा के बाद सहायक वार्डन और तीन अतिथि शिक्षकों को हटाने के निर्देश दिए। साथ ही हॉस्टल की व्यवस्थाओं में सुधार, छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्वस्थ एवं शैक्षणिक मनोरंजन की गतिविधियां संचालित करने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। बीआरसी धर्मेंद्र ठाकुर ने बताया कि एसडीएम के निर्देशानुसार कार्रवाई की जा रही है। छात्राओं से चर्चा कर उनकी समस्याओं को समझा जाएगा और आवश्यक सुधार कराए जाएंगे।
हॉस्टल वार्डन मयतुल बघेल ने कहा कि छात्राओं ने सहायक वार्डन के दुर्व्यवहार को लेकर पहले कोई शिकायत नहीं की थी। यदि इस संबंध में जानकारी दी जाती तो समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जाता। छात्राएं सहायक वार्डन के व्यवहार को लेकर नाराज थीं।