पीठ पर मारपीट के निशान दिखाते जूनियर छात्र
- फोटो : अमर उजाला
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, गरड़ावाद-लबरादा में अनुशासनहीनता और सीनियर छात्रों द्वारा जूनियर छात्रों से कथित मारपीट का मामला सामने आया है। छात्रावास के नियमों का उल्लंघन कर देर रात बाहर जाने वाले 12वीं कक्षा के छह छात्रों को विद्यालय प्रबंधन ने टीसी देकर संस्थान से निष्कासित कर दिया है। वहीं मारपीट के आरोपों में घिरे सीनियर छात्रों को भी विद्यालय से बाहर कर दिया गया है। घटना के बाद छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
पीड़ित छात्र ने आरोप लगाया कि शनिवार रात करीब 11:30 बजे वह अपने पांच साथियों के साथ छात्रावास से बाहर खाना खाने गया था। सभी छात्र रात करीब 2 बजे हॉस्टल लौटे। उसके अनुसार रविवार सुबह इसी बात को लेकर 12वीं कक्षा के कुछ सीनियर छात्रों ने उन्हें एक कमरे में बंधक बनाकर बेल्ट से बेरहमी से पीटा। छात्रों का दावा है कि मारपीट से उनकी पीठ पर चोट के गहरे निशान आए हैं।
ये भी पढ़ें: Shahdol News: दिनदहाड़े महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हुए बदमाश, शहर में बढ़ी दहशत
विद्यालय के प्रबंधक अमित सोनी ने बताया कि जांच में सामने आया है कि छह छात्र देर रात छात्रावास की खिड़की की जाली काटकर और दीवार फांदकर बाहर गए थे, जो छात्रावास के नियमों का गंभीर उल्लंघन है। इसी आधार पर सभी छह छात्रों के खिलाफ टीसी जारी कर उन्हें विद्यालय से निष्कासित कर दिया गया। वहीं मारपीट के आरोपों में नाम सामने आने वाले सीनियर छात्रों को भी तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया गया है।
इधर हॉस्टल अधीक्षक संजीत राठी ने छात्रों द्वारा लगाए गए मारपीट के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उनका कहना है कि किसी भी छात्र के साथ मारपीट नहीं हुई है और निष्कासन की कार्रवाई से बचने के लिए झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि छात्रावास में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम मौजूद हैं।
घटना के बाद छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। परिसर में सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा गार्ड होने के बावजूद छात्र खिड़की की जाली काटकर और दीवार फांदकर बाहर निकल गए। विद्यालय प्रबंधन ने इसे सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक माना है। मारपीट के आरोपों और सुरक्षा में हुई लापरवाही के पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।