धार नगर पालिका के स्टोर रूम का ताला टूटने की घटना बुधवार सुबह सामने आई। कर्मचारियों के अनुसार जब वे कार्यालय पहुंचे तो स्टोर रूम का ताला टूटा हुआ मिला। हालांकि उनका कहना है कि प्रारंभिक जांच में कोई दस्तावेज गायब नहीं पाया गया। वहीं कांग्रेस नेताओं ने दस्तावेज चोरी होने की आशंका जताई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पार्षद ईश्वरसिंह ठाकुर और कांग्रेस जिला प्रवक्ता अजयसिंह ठाकुर नपा कार्यालय पहुंचे और स्टोर रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों से चर्चा कर नपा की एई अश्विनी डावर से मुलाकात की। नेताओं ने कहा कि स्टोर रूम नगर पालिका की सबसे गोपनीय शाखा होती है, जहां महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे जाते हैं। ऐसे में ताला टूटना संदेह उत्पन्न करता है और मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
ये भी पढ़ें-
सागर की ढाना हवाई पट्टी पर ट्रेनर विमान क्रैश, एक तरफ घायल को कर रहे थे एयरलिफ्ट, दूसरी तरफ हुआ हादसा
पार्षद प्रतिनिधि ठाकुर ने आरोप लगाया कि स्टोर विभाग में चोरी की घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब अनियमितता और भ्रष्टाचार के मुद्दे विधानसभा में उठाए जा रहे हैं। उनका कहना है कि अज्ञात व्यक्ति पिछले दरवाजे को तोड़कर अंदर घुसा और दस्तावेजों में छेड़छाड़ की आशंका है। सूचना देने के बाद भी सीएमओ के दो घंटे तक मौके पर न पहुंचने और एफआईआर दर्ज न कराने से शंकाएं बढ़ती हैं। इस बीच, सीएमओ वीके सिंह ने बताया कि शाखा प्रभारी ने अलमारियों की जांच कर ली है और सभी दस्तावेज सुरक्षित हैं। घटना की सूचना थाने में दे दी गई है।
धार नगर पालिका में स्टोर रूम का ताला टूटा मिला था।