धार जिले के गंधवानी थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के आरोपी को पुलिस ने वारदात की सूचना मिलने के महज दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी की हत्या कर शव खेत में फेंक दिया था।
पुलिस के अनुसार, 21 मई को राहुल पिता गुलाब ने सूचना दी कि उसके जीजा हीरालाल पिता मानसिंह चौहान निवासी ग्राम बेहड़दा ने उसकी बहन किरण की हत्या कर दी है। किरण का शव हीरालाल के खेत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया।
पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर के निर्देश पर आरोपी की तलाश शुरू की गई। एसडीओपी मनावर ब्रजेश कुमार मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप खन्ना और जीराबाद चौकी प्रभारी रविन्द्र चौधरी ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर घेराबंदी की। पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के करीब दो घंटे के भीतर ही आरोपी हीरालाल को गिरफ्तार कर लिया।