रविवार देर रात मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित नए गणेश घाट क्षेत्र में अज्ञात लोगों द्वारा गुजर रहे वाहनों पर पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब 8 से 10 वाहनों को निशाना बनाया गया। अचानक हुए इस पथराव से वाहन चालकों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद प्रभावित वाहन चालक शिकायत लेकर काकड़दा पुलिस चौकी पहुंचे और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। हाईवे से गुजर रहे महिला-पुरुष सहित अन्य राहगीर भी मौके पर जमा हो गए। वाहन चालकों ने पथराव करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
घटना में घायल अशोक कुमार ने बताया कि गणेश मंदिर घाट के ऊपर से कुछ लोग वाहनों पर पत्थर फेंक रहे थे। उस समय उनका भतीजा वाहन चला रहा था, उसी समय उन्हें एक पत्थर आकर लगा। उन्होंने कहा कि यदि पत्थर चालक को लगता तो गंभीर हादसा हो सकता था।
ये भी पढ़ें: गुना: किशोर के साथ मारपीट कर बनाया आपत्तिजनक वीडियो, तीन नाबालिग नामजद, जांच में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि नए गणेश घाट क्षेत्र में इससे पहले भी वाहनों पर पथराव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पूर्व में पुलिस कार्रवाई के बाद ऐसी घटनाओं पर कुछ समय के लिए अंकुश लगा था लेकिन रविवार रात फिर पथराव की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
गौरतलब है कि गणेश घाट का यह करीब 10 किलोमीटर लंबा राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र और खरगोन जिले की काकड़दा पुलिस चौकी के अंतर्गत आता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पथराव करने वाले अज्ञात लोगों की तलाश की जा रही है।