धार जिले के तिरला स्थित सांदीपनी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के आदिवासी छात्र-छात्राओं ने रसायन शास्त्र की शिक्षिका दीपिका शक्तावत पर जातिगत भेदभाव और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। मंगलवार को कक्षा 11वीं और 12वीं के दर्जनों विद्यार्थी करीब सात किलोमीटर पैदल मार्च कर जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने जनजातीय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त पारुल जैन को ज्ञापन सौंपकर शिक्षिका तथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
छात्रों के अनुसार, इस संबंध में कई बार लिखित शिकायतें की गईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। 20 जुलाई को अभिभावकों ने भी प्राचार्य सीमा मिश्रा को आवेदन देकर शिक्षिका को हटाने की मांग की थी। छात्रों का आरोप है कि प्राचार्य और संबंधित बीईओ शिकायतों की अनदेखी कर रहे हैं तथा शिकायत करने वाले विद्यार्थियों को ही धमका रहे हैं, जिससे विद्यालय में भय का माहौल है।
पढ़ें: राजधानी में दाखिल होने से पहले सीएम हाउस की सुरक्षा सख्त, हर रास्ते पर पुलिस की नजर
कलेक्ट्रेट तक करीब सात किलोमीटर पैदल मार्च के दौरान अत्यधिक थकान और तनाव के कारण चार छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। आदिवासी छात्र संगठन और विद्यार्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि शिक्षिका दीपिका शक्तावत, प्राचार्य सीमा मिश्रा और संबंधित बीईओ के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो जिला मुख्यालय पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।