धार जिले में भाजपा नेत्री आशा शर्मा ने पार्टी के ही नेता जयसूर्या व साथियों पर मारपीट, प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। चलिए जानते हैं इस मामले में किसने क्या कहा?
धार जिले के सरदारपुर तहसील के लाबरिया-राजोद क्षेत्र की भाजपा नेत्री आशा शर्मा ने अपनी ही पार्टी के नवनियुक्त भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष जयसूर्या व उनके साथियों पर मारपीट, प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। सोमवार को महिला अपने पति के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और एसपी के नाम एडिशनल एसपी पारुल बेलापुरुकर को एक आवेदन सौंपा।
विज्ञापन
पीड़िता आशा शर्मा ने आवेदन में बताया कि विवाद की शुरुआत जून 2024 में एक सोशल मीडिया पोस्ट से हुई थी। छह जून 2024 को जयसूर्या और उनके साथियों ने उनके घर पहुंचकर गाली-गलौज और मारपीट की थी। इसके बाद अज्ञात नंबरों से फोन पर घर जलाने और गांव छोड़ने की धमकियां दी गईं। पीड़िता का कहना है कि इन प्रभावशाली नेताओं के खौफ के कारण उन्हें और उनके पति को अपना गांव छोड़कर दो साल तक दूसरे शहरों में आजीविका के लिए भटकना पड़ा।
'भैया अब प्रदेश के नेता बन गए'
एसपी को सौंपे गए आवेदन में आशा शर्मा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जयसूर्या और उनके परिजन अपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके खिलाफ थानों में कई प्रकरण दर्ज हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों के राजनीतिक रसूख के चलते राजोद थाना पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है, जिससे उनके हौसले बुलंद हैं। हाल ही में जब वे गांव वापस लौटीं, तो उन्हें दोबारा धमकाया गया कि भैया अब प्रदेश के नेता बन गए हैं, अब यहां रहकर दिखाओ।
एसपी कार्यालय के बाहर देंगी धरना
आशा शर्मा ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान नहीं की गई, तो वे पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने धरने पर बैठने को मजबूर होंगी। साथ ही आशा ने अपनी और अपने पति की जान को गंभीर खतरा बताया है।
जिला अध्यक्ष महंत निलेशजानें क्या बोले?
महंत निलेश भारती ( जिला अध्यक्ष, भाजपा धार) का कहना है कि कोई महिला कार्यालय आई थी और आवेदन देकर गई है। हम उस आवेदन का अध्ययन कर रहे हैं कि मामला क्या है? जहां तक जयसूर्या पर लगे आरोपों का सवाल है, मुझे नहीं लगता कि भाजपा का कोई कार्यकर्ता ऐसा काम करता है। फिर भी यदि कोई भ्रम है तो उसे दूर किया जाएगा। इस मामले की जांच करेंगे।