तेज रफ्तार बाइक ने महिला को टक्कर मारी, हुई मौत
- फोटो : अमर उजाला
जिले की मनावर तहसील से एक दर्दनाक सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार बाइक सवार ने पैदल जा रही महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना 22 जनवरी की सुबह की है, जबकि इसका वीडियो शनिवार को सामने आया। वीडियो के आधार पर पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मनावर थाना क्षेत्र में सिंघाना रोड स्थित केनरा बैंक के सामने 22 जनवरी की सुबह यह हादसा हुआ। मृतक महिला की पहचान मलका बी पति सलीम मोहम्मद शेख (55) निवासी शिक्षक कॉलोनी के रूप में हुई है। वह लोगों के घरों में घरेलू कामकाज करती थी और रोज की तरह सुबह काम पर जा रही थी।
ये भी पढ़ें: Bhopal News: अलग-अलग सड़क हादसों में तीन की मौत, कई घायल अस्पताल में भर्ती, बिलखिरिया क्षेत्र में मचा हड़कंप
जब वह केनरा बैंक के सामने सड़क पार कर रही थी, तभी तेज गति से आ रही बाइक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला सड़क पर उछलकर गिर पड़ी और सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक सड़क पर घिसटते हुए दूसरी ओर चली गई। बाइक पर दो युवक सवार थे, जिन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं आई।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय रहवासियों ने ही हादसे की सूचना पुलिस और परिजनों को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था।
अब सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले बाइक चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ईश्वर चौहान का कहना है कि रोड क्रॉस कर रही महिला को बाइक चालक ने टक्कर मारी थी। महिला पैदल जा रही थी। इस मामले में बाइक चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।