धमतरी पुलिस ने एसबीआई कियोस्क संचालक द्वारा करीब 10 साल से बैंक खाताधारकों के साथ की जा रही वित्तीय अनियमितता, धोखाधड़ी और गबन के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने 1 करोड़ 75 हजार 717 रुपए की धोखाधड़ी और गबन के आरोप में कियोस्क संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बैंक से संबंधित दस्तावेज, लैपटॉप और 29 हितग्राहियों के फिक्स्ड डिपॉजिट बॉन्ड पेपर जब्त किए गए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक थाना भखारा में जुगलकिशोर (31), जिला मैनेजर NICT Technologies Pvt. Ltd. धमतरी ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी संस्था भारतीय स्टेट बैंक के अनुबंध पर कियोस्क यानी ग्राहक सेवा केंद्रों का संचालन कराती है। संस्था की ओर से ग्राम कोरा में कियोस्क संचालन के लिए आरोपी केशवराम साहू को नियुक्त किया गया था।
ये भी पढ़ें: सीजी: आलमारी में छिपाकर रखी थी हेरोइन, छापे में 70.460 ग्राम ड्रग्स और 8 मोबाइल समेत लाखों का सामान बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपी कियोस्क संचालक ने 27 अगस्त 2015 से 29 नवंबर 2025 के बीच SBI खाताधारकों के साथ बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता, धोखाधड़ी, गबन और कूटरचना की। इस दौरान कुल 1 करोड़ 75 हजार 717 रुपए के आपराधिक न्यासभंग का मामला सामने आया।
शिकायत के आधार पर भखारा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने खाताधारकों के साथ 1 करोड़ रुपए से अधिक की धोखाधड़ी करने की बात स्वीकार की। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर ग्राम कोरा स्थित कियोस्क सेंटर से एक लैपटॉप और 29 हितग्राहियों के एफडी बॉन्ड पेपर जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की जांच जारी है।