दमोह शहर के कसाईमंडी इलाके में लगातार हो रही गो हत्या के विरोध में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। हिंदूवादी संगठनों का आरोप है कि दमोह में बड़े पैमाने पर गो हत्या हो रही है और गोमांस की तस्करी हो रही है।
जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन इन असामाजिक तत्वों को रोकने में नाकाम है। उनकी मांग है कि ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और जो भी आरोपी ऐसे कृत्य में शामिल पाए जाते हैं, उनके घर पर बुलडोजर चलाया जाए।
पशु बाजार/मेले बंद किए जाएं, गोवंश तस्करी बंद हो, यदि मेले की चिट्ठी पर गोवंश नियम विरुद्ध भरा हो तो मेला समिति पर गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाए। आबकारी के नियम जैसे नियम विरुद्ध गोवंश परिवहन पर वाहन राजसात अनिवार्य करें, जिस थाना क्षेत्र से तस्करी होती है तो थाना प्रभारी को निलंबित किया जाए। इस दौरान अजय खत्री, शंभू विश्वकर्मा के साथ बड़ी संख्या में हिंदूवादी संगठन के सदस्यों की उपस्थिति रही।