दमोह जिले में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। कुंडलपुर बड़े बाबा के दर्शन कर लौट रहे जबलपुर निवासी दंपती पर अचानक सड़क किनारे खड़े सूखे पेड़ की भारी डाल गिर गई। हादसा इतना भयावह था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर यशपाल सिंह लोधी ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह हादसा तेजगढ़ थाना क्षेत्र के परसाई पेट्रोल पंप के पास शाम करीब छह बजे हुआ। मृतकों की पहचान जबलपुर निवासी 50 वर्षीय आशीष जैन और उनकी 45 वर्षीय पत्नी शोभा जैन के रूप में हुई है। दोनों स्कूटी से कुंडलपुर से लौट रहे थे और तेजगढ़ की ओर जा रहे थे।
भतीजे ने बताया- आग से खोखला हो चुका था पेड़
मृतक के भतीजे शुभम जैन ने बताया कि उनके बुआ-फूफा कुंडलपुर बड़े बाबा के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। परसाई के पास सड़क किनारे खड़े एक सूखे पेड़ में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग लगा दी गई थी, जिससे पेड़ अंदर से खोखला हो चुका था। अचानक उसी पेड़ की भारी डाल स्कूटी सवार दंपति के ऊपर आ गिरी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ये भी पढ़ें-
एमपीईबी के अतिरिक्त मुख्य अभियंता और कार्यपालन यंत्री 25 हजार रुपये लेते गिरफ्तार, इसलिए मांगी थी घूस
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंच गए। एक साथ पति-पत्नी की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पेड़ की अनदेखी पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि सूखा और जर्जर पेड़ लंबे समय से खतरा बना हुआ था। यदि समय रहते इसे हटाया गया होता तो शायद यह हादसा टल सकता था। लोगों ने पेड़ की देखरेख में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
दो दिन पहले भी पेड़ की डाल गिरने से गई थी युवक की जान
गौरतलब है, कि दो दिन पहले ही तारादेही मार्ग पर दरौली के पास बारिश के दौरान पेड़ की डाल गिरने से 26 वर्षीय युवक शिवम लोधी की मौत हो गई थी।
तेजगढ़ पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों शवों को जिला अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा गया है। मंगलवार सुबह पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।