हटा थाना क्षेत्र में भीषण हादसा
- फोटो : Amar Ujala
दमोह के हटा थाना क्षेत्र में दमोह-पन्ना स्टेट हाईवे पर सोमवार रात करीब 11 बजे तेज रफ्तार क्रेटा कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद बाइक सड़क से दूर जा गिरी और कुछ देर बाद उसमें आग लग गई। देखते ही देखते बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
कंजरा के पास आमने-सामने हुई टक्कर
जानकारी के अनुसार, हटा थाना क्षेत्र के बिजौरी पाठक निवासी 23 वर्षीय छत्रपाल पिता अंतू लोधी सोमवार रात बाइक से बनगांव की ओर जा रहा था। वह कंजरा गांव के पास पहुंचा ही था कि सामने से आ रही सफेद रंग की क्रेटा कार क्रमांक MP 20 ZE 6292 ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छत्रपाल बाइक से उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा। गंभीर चोटों के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के कुछ देर बाद बाइक में आग लग गई, जिससे वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
डायल-112 टीम ने अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही हटा थाना पुलिस की डायल-112 टीम मौके पर पहुंची। एएसआई अरविंद राय और आरक्षक अरविंद राजपूत ने शव को हटा सिविल अस्पताल पहुंचाया। यहां ड्यूटी डॉक्टर आरपी कोरी ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को अस्पताल में रखवा दिया है। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
ये भी पढ़ें-
धार में चलती बस बनी आग का गोला: जान बचाने के लिए खिड़कियों से कूदे यात्री, सामान जलकर खाक; देखें तस्वीरें
कार छोड़कर चालक फरार
दुर्घटना के बाद क्रेटा कार को मौके पर छोड़कर चालक फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से भी हादसे के संबंध में जानकारी जुटा रही है। हादसे के समय बारिश हो रही थी, जिसके कारण प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिल सके। कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से पुलिस प्रथम दृष्टया आमने-सामने की टक्कर की आशंका जता रही है। हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।