दमोह जिले में दो अलग-अलग हादसों में एक मासूम की तालाब से डूबने में मौत हो गई। वहीं, एक अन्य मासूम को भदभदा वॉटर फॉल में डूबने से बचाया गया।
दमोह जिले के हिंडोरिया थाना के आनू गांव में गुरुवार दोपहर खेल-खेल में 10 वर्षीय मासूम की तालाब में डूबने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने शव को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बताया कि गोविंद पिता छत्रपाल सिंह लोधी, 10 वर्ष, निवासी आनु घर के समीप खुदे तालाब के पास दोस्तों के साथ खेल रहा था। वह तालाब के नजदीक चला गया और गहरे पानी में डूब गया। स्थानीय लोगों ने जब तक उसे बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही बांदकपुर चौकी प्रभारी गौपाल सिंह घटना स्थल पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
भदभदा वॉटर फॉल में डूबने से बची मासूम
बतियागढ़ तहसील अंतर्गत आने वाले हारट गांव के भदभदा वॉटर फॉल पर गुरुवार को एक मासूम बच्ची डूबने से बच गई। घटना के संबंध में पथरिया एसडीएम महेंद्र गुप्ता ने बताया कि बुधवार को एक युवक की मौत हो गई थी। गुरुवार से यहां नहाने पर प्रतिबंध लगाते हुए धारा 144 लगा दी है। इसके बाद भी लोग नहाने पहुंचे थे। जब वह पुलिस के साथ वॉटर फॉल पहुंचे, तब एक बच्ची भी नदी में डूबने से बचाई गई। एसडीएम गुप्ता ने बताया कि भदभदा वॉटर फॉल पर जो भी नहाएगा उस पर 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी। अब यहां पुलिस भी तैनात रहेगी।