नदी में खोज करते एसडीआरएफ के जवान
दमोह कटनी हाईवे पर जिले के पटेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत घाट पिपरिया गांव के पास से निकली व्यारमा नदी में शनिवार दोपहर 5 साल का बच्चा डूब गया। एडीआरएफ की टीम ने शाम तक उसे खोजने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। अंधेरा होने के कारण रात में बच्चे की तलाश नहीं की जा सकी। अब रविवार सुबह फिर से टीम बच्चे की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार बालक जेर इमलिया गांव के समीप कनोजिया गांव निवासी दुलारे आदिवासी का नाती बताया गया है। शनिवार दोपहर तीन बजे वह व्यारमा नदी में नहाने गया था, जहां गहरे पानी में डूब गया। एसडीआरएफ टीम प्रभारी प्लाटून कमांडर प्राची दुबे ने बताया कि शनिवार दोपहर में सूचना आई थी कि नदी में कोई बच्चा डूब गया है।
मौके पर डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट हर्ष कुमार जैन के नेतृत्व में एसडीईआरएफ टीम रेस्क्यू करने के लिए पहुंची। दोपहर 3.30 बजे से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ, जो देर शाम तक चलता रहा, लेकिन नदी की गहराई अधिक होने के कारण शाम तक बच्चे की तलाश नहीं हो पाई। रविवार सुबह पुनः रेस्क्यू शुरू किया गया है। नदी में नाव की सहायता से बच्चे को तलाश किया जा रहा है। एसडीईआरएफ टीम में शामिल राहुल शर्मा, ऋतुराज, रामकरण, विनोद, हरेंद्र, अशोक, कनीराम बच्चे को तलाश कर रहे हैं।