दमोह जिले के तेंदूखेड़ा में पांचवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के अपहरण के प्रयास की घटना के बाद पुलिस ने एहतियाती कदम उठाते हुए स्कूलों और कोचिंग सेंटरों के बाहर निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस का उद्देश्य बच्चों और अभिभावकों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना है, ताकि स्कूल आने-जाने को लेकर किसी प्रकार का भय न रहे।
अपहरण के प्रयास की घटना
तेंदूखेड़ा में तीन दिन पहले 11 वर्षीय नाबालिग छात्रा के अपहरण का प्रयास किया गया था। आरोप है कि दो नकाबपोश युवक छात्रा को जबरन ले जाने की कोशिश कर रहे थे। छात्रा के विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर ब्लेड से हमला किया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद बच्ची ने अपने परिजनों के साथ तेंदूखेड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
स्कूल संचालकों का आक्रोश और मांग
घटना के बाद शुक्रवार को निजी स्कूल संचालकों ने इस मामले को लेकर आक्रोश जताया और तेंदूखेड़ा थाने पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने स्कूल खुलने और छुट्टी के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
स्कूल संचालकों की मांग के बाद तेंदूखेड़ा टीआई आरआर बागरी ने शुक्रवार से ही स्कूल समय में पुलिस गश्त शुरू करवा दी। शनिवार सुबह से दोपहर तक भी स्कूलों के बाहर पुलिस तैनात रही। पुलिस टीम ने नगर में संचालित सभी स्कूलों और कॉलेजों में जाकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जानकारी भी जुटाई।
स्कूलों ने जताया आभार
पुलिस की बढ़ी हुई निगरानी के बाद स्कूल संचालकों ने राहत की सांस ली है। आयुष एकेडमी स्कूल के प्राचार्य कपिल गोटिया ने कहा कि पुलिस की गश्त से असामाजिक तत्वों में दहशत बनी रहेगी और स्कूल आने-जाने वाले बच्चे भयमुक्त रहेंगे।
यह भी पढ़ें- MP: होटल में मुस्लिम डॉक्टर और हिंदू महिला के ठहरने पर मचा बवाल, पत्नी की ID का किया था इस्तेमाल; मामला दर्ज
असामाजिक तत्वों पर नजर
तेंदूखेड़ा नगर के भटरिया मार्ग पर स्थित सीएम राइज स्कूल और रमसा छात्रावास के आसपास भी असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की शिकायतें सामने आती रही हैं। स्कूल समय में यहां कुछ लोग खड़े रहते हैं या तेज साइलेंसर और डबल साइलेंसर वाली मोटरसाइकिलें निकालते हैं। पुलिस के नियमित गश्त से इन पर भी लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
पुलिस का सख्त संदेश
तेंदूखेड़ा टीआई आरआर बागरी ने बताया कि स्कूल खुलने और बंद होने के समय उन सभी मार्गों पर प्रतिदिन पुलिस गश्त करेगी, जहां स्कूल संचालित हैं। तेज रफ्तार या तेज हॉर्न बजाकर बाइक चलाने वालों को भी हिदायत दी गई है और सुधार न होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।