दमोह जिले में हिंडोरिया थाना क्षेत्र के पंडा गांव निवासी एक व्यक्ति गांव के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलना चाहता है। दिल्ली जाकर गांव के विकास कार्य को लेकर चर्चा करना चाहता है। इसलिए मंगलवार को उसने कलेक्टर को आवेदन दिया है और गांव के अधूरे विकास के बारे में भी बताया है।
ग्राम पंचायत मुहली के पंडा गांव निवासी घूमन सिंह गोंड ने बताया, वह दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करना चाहता है और गांव की समस्याओं से उन्हें अवगत कराना चाहता है। घूमन ने कलेक्टर के नाम दिए अपने आवेदन में बताया है कि हमारे ग्राम पंडा में कोई भी मूलभूत सुविधा नहीं है। किसी भी प्रकार की रोड नहीं है। मेन रोड है, जबकि गांव से हाइवे की दूरी महज दो से तीन किलोमीटर है। वहां से हमारे गांव तक कच्चा रास्ता है, जो बरसात के दिनों में बंद हो जाता है।
बारिश के पानी के कारण वह रोड भी पूरी तरह से बह चुकी है। गांव से बाहर आने-जाने में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। हमारे यहां बच्चों की पढ़ाई के लिए स्कूल भी सिर्फ पांचवीं क्लॉस तक ही है, जिसका स्कूल भवन भी जर्जर हो चुका है। बारिश में भवन से पानी टपकता है, जिसमें बच्चों को स्कूल भेजने में डर लगता है। वहां पढ़ने वाले बच्चे अपनी जान जोखिम में डालकर पढ़ाई कर रहे हैं।
गांव में और भी बहुत सी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। प्रसूता महिला को लेने गांव तक एंबुलेंस नहीं पहुंच पाती है, जिससे डिलीवरी घर पर ही हो जाती है। ग्राम पंडा से मेन रोड तक डामलीकरण कराया जाए। ग्राम पंचायत मुहली, झुझुर एवं मडिया खुर्द तक डामलीकरण किया जाए।
अधिकारी इन समस्याओं को हल करने के लिए संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों को आदेशित करें और उसे प्रधानमंत्री से मिलने की अनुमति दी जाए, ताकि वह अपने गांव की समस्याओं से प्रधानमंत्री को अवगत करा सके। घूमन ने बताया कि अधिकारियों ने कहा है कि उसके आवेदन को ऊपर तक पहुंचाया जाएगा।