सार
दमोह के पथरिया में जमुनिया रेलवे फाटक के पास चलती ट्रेन से गिरकर झारखंड निवासी विरंची गोप गंभीर रूप से घायल हो गए। डायल 112 की टीम ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। आधार कार्ड से पहचान हुई।
दमोह जिले के पथरिया रेलवे स्टेशन अंतर्गत जमुनिया रेलवे फाटक के पास बुधवार दोपहर चलती ट्रेन से गिरकर झारखंड निवासी एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। डायल 112 की टीम ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरिया पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। आधार कार्ड से मृतक की पहचान हुई है।
जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार दोपहर करीब 1:40 बजे अप रेलवे ट्रैक पर जमुनिया रेलवे फाटक के पास पोल नंबर 1094, 21/19 के नजदीक हुआ। रेलवे जेई को युवक के ट्रेन से गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद रेलवे लाइनमैन सुनील वर्मा को जानकारी दी गई। उन्होंने डायल 112 को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही डायल 112 के पायलट हरिओम अहिरवार और आरक्षक राहुल यादव मौके पर पहुंचे। दोनों ने रेलवे ट्रैक पर गंभीर रूप से घायल पड़े युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरिया पहुंचाया। अस्पताल ले जाते समय युवक की सांसें चल रही थीं, लेकिन उसकी हालत नाजुक थी। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर बाद डॉ. आशा ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आधार कार्ड से हुई मृतक की पहचान
युवक के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान विरंची गोप पिता भागीरथी गोप के रूप में हुई है। वह झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र का निवासी था। आधार कार्ड के जरिए पहचान होने के बाद संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।
ट्रेन से गिरने की वजह स्पष्ट नहीं
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक किन परिस्थितियों में चलती ट्रेन से गिरा। यह हादसा दुर्घटनावश हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसकी जांच की जा रही है। रेलवे और पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रहे हैं।