जिले के बटियांगढ़ थाना के गंज बरखेरा गांव से आई एक महिला ने कलेक्टर के पैर में गिरकर बेटे के हत्यारों पर मामला दर्ज करने की गुहार लगाई। अचानक से महिला कलेक्टर के पैर में गिरी तो वह भी हैरान रह गए। उन्होंने उसकी बात को गंभीरता से सुना।
पूरा मामला मंगलवार की दोपहर कलेक्ट्रेट परिसर का है, जहां जनसुनवाई चल रही थी। तभी गंज बरखेरा गांव से अपने परिवार के साथ आई एक महिला विद्या बाई रोते-रोते कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के पैरों में गिर गई। कलेक्टर ने महिला से कहा ऐसा न करें, मैं आपकी समस्या सुन रहा हूं। महिला के पति परशु बंसल ने बताया कि गांव के पांच लोगों ने उसके बेटे रमेश की हत्या कर पेड़ पर शव लटका दिया, ताकि सभी को लगे कि उसने आत्महत्या की है, लेकिन इस मामले में पुलिस द्वारा अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
जिससे आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। उनके बेटे का गांव के ही सरपंच के साथ कुटीर को लेकर विवाद हुआ था। इसी का बदला लेने के लिए सरपंच दुर्जन अहिरवार ने तेजी अहिरवार, गोरेलाल, डलु व प्रकाश अहिरवार के साथ मिलकर बेटे की हत्या कर दी थी, लेकिन अभी तक बटियागढ़ पुलिस थाना द्वारा कार्रवाई नहीं की गई। जबकि हम लोग कई आवेदन पुलिस को दे चुके हैं। इस मामले में कलेक्टर ने तत्काल ही एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी से फोन पर बात की और इस मामले में कार्रवाई कराने की बात कही। उसके बाद परिजन एसपी ऑफिस पहुंचे और वहां अपनी बात रखी।