दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र में आने वाले सूखा गांव के पास सोमवार दोपहर दो बाइक चालक आमने-सामने से टकरा गए, जिसमें से एक की मौत हो गई है और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को पथरिया स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां जांच के बाद डाक्टर ने भागवत पटेल 50 को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे बाइक सवार घायल आशीष साहू को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
ड्यूटी डॉक्टर यशवंत सिंह राजपूत ने बताया कि दो घायलों को पथरिया अस्पताल लाया गया था। एक की मौत हो चुकी है। दूसरे की हालत नाजुक है, जिसे रेफर किया गया है। घायल आशीष के भाई अमित ने बताया कि मेरे भाई गढ़ाकोटा से अकेले ही बाइक चलाकर बटियागढ़ जा रहे थे, रास्ते में सूखा गांव के पास एक्सीडेंट हो गया और वह घायल हुए हैं।
मृतक भागवत पटेल के दामाद गिरधारी पटेल ने बताया कि मेरे ससुर पथरिया से सूखा जा रहे थे। दुर्घटना में उनकी मौत हो गई है। पथरिया पुलिस ने हादसे में मृत हुए भागवत पटेल का पोस्टमॉर्टम कराया है और मर्ग कम कर विवेचना में लिया है।