दमोह जिले के तेंदूखेड़ा ब्लाक के दरौली गांव में नशा मुक्ति का संकल्प लेते हुए केवट समाज के आठ गांव के लोगों ने यह प्रण लिया है कि वह नशा मुक्त जीवन जीएंगे। जिसने भी यह नियम तोड़ा उस पर 11000 का जुर्माना लगाया जायेगा। रविवार को केवट समाज की बैठक में यह निर्णय हुआ। बैठक में आठ गांव के केवट समाज के प्रतिष्ठित लोग शामिल हुये थे। सर्व सहमति बनने के बाद ग्रामीणों ने तेंदूखेड़ा टीआई को भी बैठक में बुलाया और एक ज्ञापन सौंपा।
इन गांव से आये थे लोग
झरौली में आयोजित बैठक में तेंदूखेड़ा नगर और ग्रामीण क्षेत्र के अमवाही, जामुनखेड़ा, टगरा, नए गांव, बैलढाना, झरौली, हरई से केवट समाज के वरिष्ठ लोग पहुंचे थे। जिन्होंने अपने समाज में सहमति बनवाई पूरा प्रस्ताव तैयार किया उसके बाद टीआई को बुलाया। बैठक में झरौली गांव के युवाओं ने कहा झरौली में जब तक जुआ बंद नहीं होगा तब तक शराब पर अंकुश नहीं लग सकता, इसलिए प्रस्ताव में जुआ बंद करने का हवाला दिया जाये। क्योंकि अक्सर विवाद जुआ से ही शुरू होता है। युवाओं की बात सुनकर समाज के लोगों और टीआई ने युवाओं की बात पर सहमति जताई और उसको भी प्रस्ताव में शामिल किया गया।
इसलिए लिया फैसला
धर्मेद्र केवट ने बताया कि समाज सुधार की ओर है और तेंदूखेड़ा में आठ गांवों में लगभग तीन से चार हजार केवट समाज के लोग निवास करते हैं। जिन्होंने सर्व सहमति से समाज की बैठक की और उसके बाद नशा मुक्त जीवन अपनाने पर अपनी सहमति दी है। सहमति के दौरान तय हुआ है यदि कोई व्यक्ति शराब बनाता है या बेचता है या फिर शराब पीकर गाली गलौज करता है तो उसको पहली बार में 5000 का जुर्माना लगाया जाएगा। दूसरी बार में यह जुर्माना 11000 हज़ार हो जाएगा।
तीसरी बार यदि व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करता है तो उस व्यक्ति को समाज के पंच लोग पुलिस के हवाले करेंगे। शिवचरण केवट मालगुजार ने बताया कि फैसला सर्व समाज की सहमति से लिया गया है, जिसमें जुआ खेलने वालों पर भी कार्रवाई होगी। थाना प्रभारी को भी ज्ञापन सौंपा गया है, इसलिए यदि समाज द्वारा बनाए गए नियमों के खिलाफ कोई जाता है तो उसे पर कड़ी कार्रवाई होगी और जुर्माना भी लगाया जाएगा। यह प्रयास समाज सुधार में और नशा मुक्ति जीवन अपनाने के लिए किया जा रहा है।
तेंदूखेड़ा टीआई विजय अहिरवार ने बताया आठ गांव के केवट समाज के लोगों ने बैठक कर नशा मुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया है। इसका ज्ञापन दिया है, जिसमें बताया कि समाज कल्याण के लिए यह कार्य कर रहे हैं। यदि इनमें कोई बाधा पैदा करता है तो पुलिस उनका सहयोग करेगी तेंदूखेड़ा टीआई विजय अहिरवार ने ग्रामीणों द्वारा आयोजित बैठक की सराहना की और बताया गांव का विकास तभी संभव है। ज़ब गांव में अबैध कार्यों पर अंकुश लगे।