दमोह के तेंदूखेड़ा में एक तेंदुआ वन कर्मियों को पिछले कई महीनों से छका रहा है। इसको पकड़ने के सारे प्रयास विफल रहे हैं। तेंदुआ बार-बार स्थानीय लोगों के सामने भी आ रहा है पर वन विभाग मुनादी करवाकर अपना काम खत्म समझ लेता है। ये तेंदुआ सेलवाडा-दोनी मार्ग पर दिखता है। इससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया है।
दरअसल तेंदूखेड़ा के पास से सिंग्रामपुर जाने वाले शार्टकट मार्ग पर कार चलाने वाले एक व्यक्ति को तेंदुआ दिखा। कार चालक ने इसकी तस्वीर ली। इसकी पूरी जानकारी वन विभाग को दी गई। विभाग ने गांवों के आसपास तेंदुआ होने की मुनादी करवा दी। और अपने काम की इतिश्री कर ली। दरअसल ये तेंदुआ तेंदूखेड़ा-जबलपुर मार्ग पर अपना निवास पिछले कई महीनों से बनाए हुए है। यह कई बार लोगों के सामने आ चुका है। इसकी सूचना भी वन विभाग को कई बार दी जा चुकी है। ग्रामीणों की सूचना के बाद वन अमला मौके पर पहुंचता है। तेंदुए के पदमार्क देखता है लेकिन उसे पकड़ने के प्रयास नहीं करता है। गांव वालों का कहना है कि वनकर्मी अपना काम अच्छे से नहीं कर रहे हैं। उनकी वजह से किसी की जान कभी भी जा सकती है। गांव वालों ने तेंदुए को पकड़ने की मांग वन विभाग से की है। तेंदुए के लगातार इस इलाके में रहने से ये माना जा रहा है कि उसने इस इलाके को अपना घर बना लिया है। यही कारण है कि वो बार-बार लोगों के सामने आ रहा है। तेंदूखेड़ा वन परिक्षेत्र अधिकारी मेघा पटेल ने बताया कि जानकारी मिलने के बाद टीम को भेजा जाता है। यहां अक्सर वन्य प्राणी दिखाई देते हैं। आसपास के गांवों में मुनादी कराई गई है। उनका कहना है कि जल्द ही तेंदुए को पकड़ लिया जाएगा।