दमोह कोतवाली पुलिस ने एक कार से बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की है। इस मामले में सागर जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
डीएसपी भावना दांगी ने बताया कि मंगलवार को सूचना मिली थी कि धरमपुरा सीताबावली के पास कार नंबर एमपी 15 सीए 5159 में अवैध विस्फोटक सामग्री ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार को घेराबंदी कर रोका। कार में सवार नीलेश पिता वृंदावन विश्वकर्मा एवं सतीश पिता भरत विश्वकर्मा निवासी रोन कुमरई, जिला सागर के कब्जे से डायनामाइट के 600 सेल, तीन डोरी के बंडल, ब्लास्ट करने की मशीन, 10 कैप, दो बिट, एक लोहे की रॉड और ड्रिल जब्त की गई। जिसकी कुल कीमत 48 हजार 600 रुपए है। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और कार को भी जब्त कर लिया। आरोपियों के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। इस कार्रवाई में कोतवाली टीआई आनंद राज सहित टीम का सहयोग रहा।
इधर, सिंगरौली जा रहे दो युवकों से मारपीट कर प्याज लूटी
दमोह देहात थाना क्षेत्र के ग्राम समन्ना तिराहा पेट्रोल पंप के पास बीती रात दो युवकों के साथ मारपीट कर एक बोरी प्याज लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पथरिया थाने के ग्राम रजवांस निवासी राहुल राठौर (25) एवं उमाशंकर रैकवार (21) ने बताया कि वे दोनों मित्र हैं और बीती रात मालवाहक वाहन से प्याज लेकर पथरिया से सिंगरौली जा रहे थे।
इसी बीच समन्ना पेट्रोल पंप के पास रात करीब 9:30 बजे 5 बदमाशों ने गाड़ी रुकवाई और अचानक फरसा और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। जिससे वे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद बदमाशों ने वाहन में रखी एक बोरी प्याज लूट ली। घटना के बाद पीड़ितों ने डायल 100 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।