दमोह नगर पालिका क्षेत्र में लोगों के घरों से कचरा उठाने के लिए करीब पांच साल से 39 कचरा वाहन चलाए जा रहे हैं। नगर पालिका द्वारा संचालित इन कचरा वाहनों को नियमित रूप से प्रत्येक वार्ड में भेजा जाता है। जो लोगों के घरों से कचरा एकत्रित करते हैं और सड़कों से भी कचरा उठाते हैं।लेकिन शनिवार के दिन यह वाहन शहर के किसी भी वार्ड में नहीं पहुंचे।
जब इसके पीछे के कारण पता किया तो पता चला कि जिस पेट्रोल पंप से इन वाहनों में डीजल डलता है, वहां पर डीजल का स्टॉक नहीं है। इसलिए वाहनों का संचालन नहीं हो पाया है। एक दिन ही कचरा वाहन वार्ड में नहीं पहुंचा, जिससे काफी कचरा एकत्रित हो गया है। शहर के सभी वार्ड में कचरा डंप करने के लिए पॉइंट भी बनाए गए हैं, जहां से कचरा नियमित रूप से उठाया जाता है। लेकिन घरों से रोज निकलने वाले कचरे को लोग सीधे वाहनों में डाल देते हैं, जिससे डंपिंग पॉइंट पर कचरा कम एकत्रित होता है।
कचरा वाहन न पहुंचने के कारण शनिवार को प्रत्येक वार्ड में कचरे की मात्रा ज्यादा दिखाई दे रही है। सफाई प्रभारी विकास तिवारी का कहना है कि टंडन पेट्रोल पंप से वाहनों में डीजल डलवाया जाता है। बीते दो दिनों से डीजल का स्टॉक न होने के कारण वाहनों का डीजल समाप्त हो गया। इसलिए शनिवार को कचरा वाहन वार्ड में नहीं पहुंच पाए हैं।