Damoh News: मध्य प्रदेश के दमोह जिले से सड़क हादसे को लेकर बड़ी खबर आई है। जिले के एक जैन परिवार की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दौरान चार लोगों की मौत हो गई। यह भीषण सड़क हादसा सागर जिले के मालथौन थाना क्षेत्र में हुआ है। सचिन जैन अपने परिवार के साथ तीर्थ यात्रा पर निकले थे।
दमोह के जबेरा निवासी सचिन जैन बुधवार को परिवार सहित तीर्थ यात्रा पर निकले थे। लेकिन सागर जिले के मालथौन थाना क्षेत्र में उनकी कार एक तेज़ रफ्तार ट्रक से टकरा गई। भीषण हादसे में सचिन जैन, उनकी पत्नी ऋतु जैन, जीजा सुपेंद्र जैन और भांजा अक्ष की मौत हो गई। जबकि सचिन की बेटी आद्या गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
विज्ञापन
कैसे हुआ हादसा
सचिन जैन परिवार सहित कार (एमपी 20 ZH 1670) से गोलाकोट तीर्थ स्थल (शिवपुरी) जा रहे थे। दोपहर करीब मालथौन के ग्राम शुखालीपुरा के पास उनकी कार को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसा नेशनल हाईवे-44 पर हुआ।
राहगीरों ने बचाई जान
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चारों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। जैसे ही खबर जबेरा पहुंची, पूरे नगर में शोक की लहर दौड़ गई। सचिन जैन इलाके के प्रसिद्ध कारोबारी थे।